कुंदन कुमार, पटना। सीवान में छात्र आंदोलन के दौरान AK-47 से हुई फायरिंग की घटना को लेकर राजद का राजभवन मार्च शुरू हो चुका है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सबसे पहले जेपी गोलंबर पहुंचे, जहां उन्होंने लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और भी राजभवन मार्च के लिए कूच किया। मार्च में बड़ी संख्या में युवा, छात्र विंग से जुड़े सदस्य, पार्टी के कार्यकर्ता और नेता-मंत्री शामिल हैं।

पुलिस ने मार्च पर चलाया वाटर कैनन

राजद का राजभवन मार्च जैसे ही इनकम टैक्स चौराहे के पास पहुंचा, पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस ने मार्च पर वाटर कैनन का भी प्रयोग किया। हालांकि राजद के कार्यकर्ता अभी भी आगे बढ़ रहे हैं। पुलिस उन्हें रोकने की कोशिश कर रही है।

यह सब सम्राट चौधरी के आदेश पर हुआ- तेजस्वी

वाटर कैनन के इस्तेमाल पर RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा, यह सब सम्राट चौधरी के आदेश पर हुआ है… इससे (वाटर कैनन) कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। जनता जाग चुकी है और सड़कों पर है। अब सरकार को झुकना ही पड़ेगा। ऐसे काम नहीं चलेगा।

युवाओं के भविष्य की हत्या कर रही सरकार- मीसा भारती

राजभवन मार्च में शामिल राजद सांसद मीसा भारती ने कहा कि, छात्रों के साथ जो अन्याय हुआ है उसे आज 20-25 दिन बीत गए हैं। मगर फिर भी सरकार नींद से नहीं जागी। सुप्रीम कोर्ट में बिहार सरकार ने माना कि AK47 का इस्तेमाल हुआ था। तब जज साहब को बिहार सरकार के वकील से यह पूछना चाहिए था कि AK47 लेकर प्रदर्शन में जाने की अनुमति किसने दी? अगर DM और SP ने अनुमति दी थी, तो उन्हें तुरंत सस्पेंड करना चाहिए। मगर ये बिहार सरकार हत्यारी सरकार है, जो आम जन की हत्या करवा रही है और युवाओं के भविष्य की भी हत्या कर रही है।

ये भी पढ़ें- ‘RJD का कोई वजूद नहीं’, राजभवन मार्च के बीच दिलीप जायसवाल ने तेजस्वी के नेतृत्व पर उठाया सवाल