कुंदन कुमार/पटना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के मुख्य प्रवक्ता एजाज अहमद ने राज्य सरकार द्वारा सड़कों पर टोल टैक्स लगाने की योजना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने सरकार के इस कदम को जनविरोधी करार देते हुए कहा कि पहले से ही महंगाई की मार झेल रही जनता पर यह नया टैक्स बोझ असहनीय है।
सुविधाओं के अभाव में टोल का बोझ
एजाज अहमद ने तंज कसते हुए कहा कि राज्य की अधिकांश सड़कें और पुल बदहाल स्थिति में हैं। सरकार जनता को बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने में विफल रही है, और अब उन्हीं जर्जर सड़कों पर चलने के लिए टोल वसूलने की तैयारी कर रही है। उन्होंने सवाल किया कि जिस सड़क पर चलना मुश्किल है वहां टोल टैक्स किस बात का लिया जा रहा है? उन्होंने इसे सरकार की गलत नीतियों का हिस्सा बताते हुए कहा कि सरकार जानबूझकर राज्य की जनता को आर्थिक रूप से प्रताड़ित कर रही है।
दोहरा टैक्स वसूली का आरोप
राजद प्रवक्ता ने इस मुद्दे पर तार्किक सवाल उठाते हुए कहा कि जब कोई वाहन मालिक गाड़ी खरीदता है, तो उसी समय सरकार द्वारा भारी मात्रा में रोड टैक्स वसूल लिया जाता है। उन्होंने कहा जब पंजीकरण के समय ही सड़क के उपयोग के लिए अग्रिम कर ले लिया गया है तो फिर बार-बार टोल के नाम पर वसूली क्यों? उन्होंने इसे दोहरी मार बताते हुए कहा कि यह आर्थिक शोषण की श्रेणी में आता है।
जनता की नाराजगी और चेतावनी
एजाज अहमद ने साफ शब्दों में कहा कि राज्य सरकार को अपना फैसला तुरंत वापस लेना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार आम आदमी के हित को दरकिनार कर अपनी हठधर्मिता पर अड़ी रहती है, तो राजद इस मुद्दे को लेकर चरणबद्ध तरीके से सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने जनता से भी अपील की कि वे इस अनुचित फैसले के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करें। यह निर्णय न केवल आम नागरिकों के लिए नुकसानदेह है बल्कि परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों की कमर भी तोड़ देगा।

