कुंदन कुमार, पटना। राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने बिहार सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए इसे फैसलों को बार-बार पलटने वाली और जुमलेबाजों की सरकार करार दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य की वर्तमान सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है, जिससे युवाओं, दलितों और आम जनता में भारी निराशा है।

​TRE-4 और रोजगार के मुद्दे पर युवाओं की उपेक्षा

​राजद प्रवक्ता ने शिक्षक नियुक्ति परीक्षा (TRE-4) के मुद्दे पर सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जब अभ्यर्थी सड़कों पर उतरे और सरकार के साथ वार्ता हुई, तब यह आश्वासन दिया गया था कि TRE-4 की वैकेंसी जल्द निकाली जाएगी। लेकिन इसके उलट, वैकेंसी निकालने के बाद उसे फिर से रोक दिया गया। सरकार के इन विरोधाभासी कदमों से यह साफ हो जाता है कि वह युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और रोजगार देने के मामले में पूरी तरह विफल है।

​भ्रष्टाचार के मामलों और सीबीआई जांच पर सवाल

​भ्रष्टाचार के खात्मे के दावों को खोखला बताते हुए एजाज अहमद ने कहा कि सरकार एक तरफ भ्रष्टाचार को पूरी तरह हटाने की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ ऐसे फैसले ला रही है जिससे सीबीआई किसी भी मामले की जांच नहीं करेगी। इस प्रकार के निर्णयों के जरिए स्पष्ट रूप से भ्रष्टाचारियों को बचाने का कुत्सित प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के ये कदम उसकी कथनी और करनी के अंतर को उजागर करते हैं।

​जुमलेबाजी और विफल व्यवस्था

​केंद्र सरकार की तर्ज पर बिहार की सरकार भी केवल जुमलेबाजी पर टिकी हुई है। राज्य में न तो युवाओं को रोजगार मिल रहा है और न ही महंगाई पर कोई लगाम लग पा रही है। दलितों को न्याय नहीं मिल रहा है और आरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी सरकार की नीयत साफ नहीं है। इन तमाम विफलताओं से यह प्रमाणित होता है कि यह सरकार जनता के हितों की रक्षा करने में असमर्थ है।