कुंदन कुमार, पटना। बिहार एमएलसी चुनाव के लिए राजद ने सुनील सिंह को एक बार फिर से अपना उम्मीदवार बनाया है, जिन्होंने आज नामांकन के आखिरी दिन विधानमंडल पहुंचकर अपना पर्चा भी दाखिल कर दिया है। सुनील सिंह के अलावा एनडीए के उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल करने के लिए पहुंच रहे हैं। नामांकन दाखिल करने के लिए बीजेपी उम्मीदवार और भोजपुरी स्टार पवन सिंह भी विधानमंडल पहुंचे हुए हैं।

एलजेपी आर के उम्मीदवार का बयान

नामांकन के लिए विधानसभा पहुंचे लोजपा आर के उम्मीदवार अशरफ अंसारी ने कहा कि ,पार्टी ने हमें ये बड़ी जिम्मेवारी दिया है। कोशिश करूंगा कि इसे ठीक ढंग से निभाया जाए। उन्होंने कहा कि, आज मैं अपने नेता स्वर्गीय रामविलास जी को याद कर राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को बहुत धन्यवाद देता हूं ,जो हमें इस योग्य समझा गया है।

एनडीए ने 9 सीटों पर उतारे उम्मीदवार

10 सीटों पर होने वाले एमएलसी चुनाव के लिए एनडीए ने 9 सीटों पर अपने उम्मीदवारों को लेकर ऐलान कर दिया है। जदयू-बीजेपी ने 4-4 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। वहीं, चिराग पासवान की पार्टी एलजेपी (आर) ने एक सीट पर अपने प्रत्याशी का ऐलान किया है।

जदयू से इन 4 लोगों को मिला टिकट

  • निशांत कुमार
  • भारती मेहता
  • ललन मंडल
  • शिवरानी देवी प्रजापति

बीजेपी के 4 उम्मीदवार

  • संजय मयूख
  • पवन सिंह
  • शीला पंडित
  • अनिल कुमार ठाकुर

एलजेपी आर से अशरफ अंसारी को टिकट मिला है।

एमएलसी चुनाव में NDA का पलड़ा भारी

राजनीतिक गणित के हिसाब से विधान परिषद चुनाव में NDA का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। MLC चुनाव में एक सीट जीतने के लिए करीब 25 विधायकों के समर्थन की जरूरत होती है। एनडीए के पास कुल 202 विधायक हैं। ऐसे में एनडीए दल 8 सीटों पर आसानी से जीत दिलाने की स्थिति में हैं। वहीं, महागठबंधन के पास संख्या बल कम होने के कारण वह फिलहाल सिर्फ एक सीट पर ही मजबूत दावेदारी पेश कर सकती है।

ये भी पढ़ें- एनडीए के सभी उम्मीदवार जीतेंगे विधान परिषद चुनाव, तेजस्वी यादव को गायब रहने की आदत, जानें ऐसा क्यों बोले संजय सिंह टाइगर