कुंदन कुमार/पटना। बिहार की राजनीति में विधान परिषद चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस बीच, एनडीए के वरिष्ठ नेता और पूर्व एमएलसी संजय सिंह टाइगर ने आगामी विधान परिषद चुनाव में एनडीए की एकतरफा जीत का दावा किया है। उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा कि एनडीए के सभी प्रत्याशी भारी मतों से विजयी होंगे।
ऐतिहासिक जीत दोहराएगी एनडीए
संजय सिंह टाइगर ने अपनी बात रखते हुए कहा कि एनडीए का गठबंधन पूरी तरह एकजुट और मजबूत है। उन्होंने पिछले राज्यसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा, राज्यसभा चुनाव के समय भी हमने दावा किया था कि एनडीए सभी सीटें जीतेगा और वैसा ही हुआ। ठीक उसी तरह, विधान परिषद चुनाव में भी एनडीए अपनी सभी सीटों पर प्रचंड जीत हासिल करेगी। हमारे पास स्पष्ट बहुमत और दूरदर्शी नेतृत्व है, जिसके आधार पर हम अपनी जीत के प्रति आश्वस्त हैं।
तेजस्वी यादव की कार्यशैली पर गंभीर सवाल
पत्रकारों के एक सवाल का जवाब देते हुए संजय सिंह ने राजद नेता तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला। अपने उम्मीदवार के नामांकन में तेजस्वी यादव की अनुपस्थिति पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि गायब रहना तेजस्वी यादव की पुरानी आदत बन चुकी है।
उन्होंने आगे कहा विधानसभा का सत्र चल रहा हो या बिहार और बिहारियों के हितों से जुड़ा कोई गंभीर मुद्दा, तेजस्वी यादव अक्सर गायब रहते हैं। जो नेता राज्य की जनता के सवालों पर सदन में उपस्थित नहीं हो सकता, वह बिहार की राजनीति को क्या दिशा देगा? जनता अब यह भली-भांति जान चुकी है कि वे एक सजग, सतर्क और गंभीर नेता नहीं हैं। उनकी राजनीति केवल दिखावे और गायब रहने पर आधारित है।
राजनीति में गंभीरता की कमी
संजय सिंह टाइगर ने आगे कहा कि किसी भी दल के लिए नामांकन एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया होती है लेकिन तेजस्वी का वहां मौजूद न होना उनकी गैर-जिम्मेदाराना रवैये को दर्शाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि एनडीए विकास के एजेंडे के साथ जनता के बीच है जबकि विपक्ष केवल आरोप-प्रत्यारोप और पलायन की राजनीति कर रहा है।
इस बयान के बाद बिहार की सियासत में एक नई बहस छिड़ गई है। अब देखना यह होगा कि आने वाले चुनाव में जनता किस दल के दावों पर भरोसा जताती है।

