Bihar Cabinet Expansion: बिहार की सियासत के लिए आज का दिन काफी अहम और बड़ा है। दरअसल आज गुरुवार 7 मई को सम्राट सरकार के कैबिनेट का विस्तार होने जा रहा है। इस शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी और अमित शाह समेत बीजेपी और एनडीए के कई दिग्गज नेता शामिल होंगे। कैबिनेट विस्तार में पूर्व सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार भी जदयू कोटे से मंत्री पद की शपथ लेंगे। सम्राट सरकार में उन्हें अहम जिम्मेदारी मिल सकती है।

पिछले दरवाजे से मंत्री बने निशांत- राजद

निशांत कुमार के मंत्रिमंडल में शामिल होने को लेकर बिहार में फिर से परिवारवाद को लेकर सियासी बहस छिड़ गई है। दरअसल राजद ने सोशल मीडिया एक्स पर एक तस्वीर शेयर करते हुए तंज कसा है। राजद ने अपनी पोस्ट में लिखा- पिता ने आजीवन परिवारवाद पर लेक्चर देने के बाद अपने बेटे को राजनीति में सेटल करने की शर्त पर ही कुर्सी छोड़ी। परिवारवादी बेटे ने भी 2 ही दिन में लग्जरी यात्रा छोड़, कार्यकर्ताओं को मुंह चिढ़ाते हुए, पलटी मारते हुए पिछले दरवाजे से मंत्री बनने का कार्यकर्ता-विरोधी विकल्प ही चुना। जिसमें पलटी मारना ही हो नीति वही रही सदैव कुर्सी कुमार की राजनीति।

जदयू से ये नेता ले सकते हैं मंत्री पद की शपथ

मिली जानकारी के अनुसार निशांत कुमार ने पहले कैबिनेट मंत्री पद की शपथ लेने से इंकार कर दिया था। हालांकि जदयू के वरिष्ठ नेताओं और करीबी लोगों के लगातार समझाने के बाद वह मंत्री पद की शपथ लेने के लिए राजी हो गए हैं। निशांत के अलावा जदयू से से श्रवण कुमार ,मदन सहनी, लेसी सिंह ,श्वेता गुप्ता ,भगवान सिंह कुशवाहा, दामोदर रावत, बुलो मंडल, सुनील कुमार,शीला मंडल, रत्नेश सदा, जमा खान, अशोक चौधरी मंत्री पद की शपथ लेंगे। जदयू से बुलो मण्डल, श्वेता गुप्ता, भगवान सिंह कुशवाहा और निशांत कुमार पहली बार मंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं।

दो दिन के बाद विश्राम पर है निशांत की यात्रा

बता दें कि इन दिनों (3 मई) से निशांत कुमार अपनी पहली बिहार यात्रा पर हैं, जिसे ‘सद्भाव यात्रा’ नाम दिया गया है। उन्होंने नीतीश की तरह पश्चिम चंपारण से अपने यात्रा की शुरुआत की और यात्रा पर निकलने से पहले पिता का पैर छूकर आशीर्वाद लिया था।

यात्रा के दौरान निशांत ने कहा था कि, ‘सद्भाव यात्रा’ के दौरान मैं पार्टी के छोटे-छोटे वर्कर के साथ मैं संवाद करूंगा। उन्होंने कहा कि, मेरी कोशिश रहेगी कि मैं जानता और पार्टी के कार्यकर्ताओं की सेवा करूं। जो पिताजी ने किया है, उसे जन-जन तक पहुंचाऊं।मैं जनता की समस्या का समाधान निकालने की कोशिश करूंगा। दो दिन के बाद फिलहाल उनकी यात्रा विश्राम पर है।

शपथ ग्रहण समारोह को लेकर सभी तैयारियां पूरी

शपथ ग्रहण समारोह को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और गृहमंत्री अमित शाह कल बुधवार की शाम से ही पटना में डेरा जमाए हुए हैं। शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ एनडीए के तमाम बड़े नेता शामिल हो होंगे, जिनकी मौजूदगी में भाजपा-जदयू और अन्य सहयोगी दलों से करीब 27-30 मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

ये भी पढ़ें- सीवान में ज्वेलरी शॉप से 20 लाख की लूट: तेजस्वी का CM सम्राट पर तंज, बोले- जाति देख मारी जाएगी गोली