UP Assembly Elections 2027. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अब एक साल से भी कम समय बचा है. ऐसे में प्रदेश की प्रमुख पार्टियों ने जोर आजमाइश शुरू कर दी है. बीजेपी, कांग्रेस और सपा के अलावा राष्ट्रीय लोक दल (RLD) भी तैयारियों में जुट गया है. सभी पार्टियां लोगों के बीच पहुंचकर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने में लगी है. साथ ही पार्टियां अपने-अपने संगठन को मजबूती देने के साथ ही संगठन का विस्तार पर भी कर रही है. इसी कड़ी में आरएलडी ने भी टीम RLD के गठन का ऐलान किया है.

नई दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के आवास पर हुई अहम बैठक में ‘टीम RLD’ के गठन का ऐलान किया गया. यह टीम राज्य कमांड से लेकर जिला, विधानसभा और गांव-वार्ड स्तर तक काम करेगी. हर गांव और वार्ड में RLD एक जिम्मेदार संपर्क सूत्र और सक्रिय कार्यकर्ता नियुक्त करेगी. इन कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी मतदाताओं से सीधा संपर्क बनाए रखने, पार्टी का संदेश पहुंचाने और चुनाव के दिन पात्र मतदाताओं को बूथ तक लाने की होगी. बैठक में जयंत चौधरी के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने 2027 की रणनीति पर मंथन किया. RLD का फोकस अब बूथ, गांव और वार्ड स्तर पर मजबूत संगठन खड़ा करने पर है.

इसे भी पढ़ें : सपा से भीख नहीं मांगेंगे, बात बराबरी पर होगी… सीट बंटवारे पर सांसद इमरान मसूद की दो टूक, कहा- हम भिखारी हैं क्या?

बता दें कि कांग्रसे और सपा ने यूपी चुनाव का एक साथ मुकाबला करने का मन बना लिया है. सपा और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग फॉर्मूले पर सहमति बन चुकी है और जल्द ही इस संबंध में बड़ा ऐलान हो सकता है. राहुल गांधी और अखिलेश यादव इस बार साथ मिलकर चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं. संभावना है कि सपा और कांग्रेस चुनाव आयोग की अधिसूचना जारी होने से पहले ही उम्मीदवारों के नाम घोषित कर सकती हैं. जिसका साफ-साफ उद्देश्य है कि प्रत्याशी अपने क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा समय प्रचार कर सके और पार्टी के पक्ष में माहौल बना सके. कहा जा रहा है कि 200 सीटों पर संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा चल रही है. सपा जल्द ही अपनी पहली सूची भी जारी कर सकती है.