कुंदन कुमार, पटना। बिहार में नई सरकार बने अभी ठीक से 1 दिन भी नहीं पूरा हुआ है कि सत्ता पक्ष की ओर से प्रदेश में शराबबंदी को खत्म करने और उसकी समीक्षा करने की मांग उठने लगी है। दरअसल RLM पार्टी से विधायक माधव आनंद ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि, विधानसभा सत्र में मैंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सामने विधानसभा में शराबबंदी की समीक्षा की मांग उठाई थी।

शराबबंदी के समीक्षा का वक्त- माधव आनंद

माधव आनंद ने कहा कि, अब वह वक्त आ गया है शराबबंदी की विस्तृत समीक्षा होनी चाहिए। कई लोगों ने दबी आवाज में समर्थन भी किया था। कुछ लोगों ने इसका विरोध भी किया था। मैं उतना ही गंभीर सदन के अंदर में था और बाहर जब आया तो उतना ही गंभीर हो की विस्तृत समीक्षा शराबबंदी की होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि, नई सरकार बनी है। सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बने हैं, नई ऊर्जा के साथ काम करेंगे।

शराबबंदी सही नहीं- माधव आनंद

आरएलएम विधायक ने आगे कहा कि, बिहार जैसे लैंड लॉक स्टेट में शराबबंदी सही नहीं है। शराबबंदी के कारण जो राजस्व का पलायन हो रहा है। यह पलायन झारखंड पश्चिम बंगाल उत्तर प्रदेश नेपाल जैसे देश में हो रहा है। उससे बिहार को नुकसान हो रहा है। सारी चीजों को ध्यान में रखते हुए शराबबंदी की समीक्षा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि, जनहित को देखते हुए अब फैसला सरकार को लेना है। उन्होंने कहा कि, मुझे विश्वास है कि सरकार फैसला लेगी और शराबबंदी की विस्तृत समीक्षा करेगी और सरकार इस मामले में गंभीर है।

बिहार में दारू चालू होना चाहिए- अनंत सिंह

आपका बता दें कि इससे पहले जदयू से बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने राज्य में फिर से शराब को चालू करने की मांग की थी। नीतीश कुमार के इस्तीफा देने के बाद और सम्राट चौधरी के शपथ लेने से पहले मीडिया से बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने कहा था कि, बिहार में दारू चालू होना चाहिए, क्योंकि मौजूदा हालात में नशा-पानी बहुत खराब हो गया है। शराबबंदी होने की वजह से यहां पर सूखे नशे का अवैध कारोबार बढ़ गया है। वे जल्द ही इस मुद्दे पर सम्राट चौधरी से मुलाकात कर उनसे बात करेंगे।

ये भी पढ़ें- 10 हजार का घूस लेते सहायक अभियंता रंगे हाथ गिरफ्तार, निगरानी विभाग ने दबोचा