मोहम्मद करीमुल्लाह, मधुबनी। बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र कुमार ने कल गुरुवार को शहर में 2.10 किमी पीसीसी पथ एवं नाला निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। आरके कॉलेज मेन गेट से वृंदावन चौक, किशोरी लाल चौक, लोहटसराय चौक होते हुए संतूनगर चौक तक बनने वाली इस योजना की कुल लागत 8.82 करोड़ रुपये है। पीसीसी पथ एवं नाला निर्माण कार्य का शुभारंभ होने से स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है।

‘NDA सरकार ने बिछाया सड़कों का जाल’

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इंजीनियर शैलेंद्र कुमार ने कहा कि, एनडीए सरकार में पूरे बिहार में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। 2005 से पहले बिहार में लालू प्रसाद का ‘जंगल राज’ था, लेकिन एनडीए सरकार बनने के बाद नीतीश कुमार और अब सम्राट चौधरी के नेतृत्व में हालात बदले हैं। जिला मुख्यालय से पटना की दूरी जो पहले पांच घंटे थी, उसे अब साढ़े तीन से चार घंटे करने की योजना पर काम हो रहा है।

मंत्री ने कहा कि, इस महत्वपूर्ण परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा सुदृढ़ होगी, जल निकासी व्यवस्था बेहतर बनेगी तथा स्थानीय नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। यह योजना मधुबनी के शहरी आधारभूत ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

विधायक ने की थी मंत्री से मुलाकात

इंजीनियर शैलेंद्र कुमार ने बताया कि पदभार संभालने के एक महीने में उन्होंने 38 में से 26 जिलों का दौरा किया है। उन्होंने बताया कि, हालही में मधुबनी विधायक माधव आनंद ने भी नगर निर्माण को लेकर उनसे मुलाकात की थी। इस मौके पर सांसद डॉ. अशोक कुमार यादव, विधायक घनश्याम ठाकुर, भाजपा नेता डॉ. किरण कुमारी झा, संजय पांडेय, देवेन्द्र प्रसाद यादव सहित कई एनडीए कार्यकर्ता मौजूद थे।

ये भी पढ़ें- लालू के जन्मदिन पर जमी महफिल, राबड़ी देवी ने भोजपुरी गायक छोटू छलिया को उपहार में दिया हीरे का कंगन