कुमार इंदर, जबलपुर। मध्यप्रदेश में गुंडा बदमाशों के खिलाफ प्रशासन की बुलडोजर कार्रवाई के बाद भी आपराधिक गतिविधियां में कम नहीं आ पा रही है। बदमाशों के हौसले बुलंद है। इसी कड़ी में जबलपुर की सड़कों पर बदमाशों ने एक बार फिर तांडव मचाया है। चाकू, लाठियों और बेसबॉल के डंडों से लैस बदमाशों ने बीच सड़क पर उत्पात मचाकर कानून व्यवस्था को चुनौती दी है।
युवक को घर से बाहर बुलाने और जान से मारने की धमकी
दरअसल घटना हनुमान ताल थाना क्षेत्र के सरकारी कुआं काली मंदिर की है, जहां गली में गाड़ी चलाने को लेकर हुए विवाद पर हमले की नीयत से युवक के घर बदमाश पहुंचे थे। घर के सामने हथियारों से लैस बदमाशों के द्वारा युवक को घर से बाहर बुलाने और जान से मारने की धमकी देने का वीडियो भी सामने आया है। लाठी डंडों से लैस बदमाशों ने युवक के घर के सामने पहुंचकर गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी है।
गली में गाड़ी चलाने को लेकर विवाद
बताया जाता है कि गाड़ी चलाने को लेकर 20 साल के युवराज सिंह राजपूत का मोनू ठाकुर से विवाद हुआ था। क्षेत्र के रहने वाले मोनू ठाकुर, सुदेश सिंह ठाकुर, ब्रजेश, अविनाश और प्रकाश ठाकुर पर लाठी डंडों से लैस होकर हमले की कोशिश का आरोप है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित परिवार ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस जांच की बात कह रही है।

