दिल्ली के केशव पुरम और पीतमपुरा इलाके में एक नकली मैकेनिक ने लोगों में डर का माहौल बना दिया है. आरोपी खुद को AC और RO मैकेनिक बताकर घरों में घुसने की कोशिश करता था और मौका मिलते ही लूटपाट और हमला कर देता था. पुलिस ने बुधवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी पहचान अजय बग्गा के रूप में हुई है.
दिल्ली के केशवपुरम और पीतमपुरा इलाके में खुद को एसी और आरओ मैकेनिक बताकर लोगों के घरों में घुसने और वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
दिल्ली के पीतमपुरा और केशवपुरम इलाके में पिछले कुछ दिनों से एक संदिग्ध व्यक्ति ने लोगों के बीच भय का माहौल बना दिया था. हाथ में दरांती जैसा हथियार रखा बैग और चेहरे पर सामान्य भाव लिए यह व्यक्ति दिनदहाड़े कॉलोनियों में घूमता, घरों की घंटियां बजाता और मौका मिलने पर वारदात को अंजाम देने की कोशिश करता था. आरोपी की तस्वीरें कई सीसीटीवी कैमरों में कैद हुईं, लेकिन वह लगातार पुलिस की गिरफ्त से दूर बना हुआ था. अब दिल्ली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान 55 वर्षीय अजय बग्गा के रूप में हुई है.
सोशल मीडिया पर आरोपी का CCTV वीडियो वायरल होने के बाद इलाके के लोग दहशत में आ गए थे. वीडियो में आरोपी बैग लेकर घर-घर घूमता और डोरबेल बजाता दिखाई दिया. लोगों का कहना है कि उसके बैग में धारदार हथियार रहता था. आरोपी खासतौर पर दोपहर के समय उन घरों को निशाना बनाता था, जहां महिलाएं या बुजुर्ग अकेले होते थे.
बीते कुछ दिनों में बग्गा के कई सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए थे. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव की निगरानी में विशेष टीमों का गठन किया गया. पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपी की लोकेशन का पता लगाया. लगातार ट्रैकिंग के बाद पुलिस ने अजय बग्गा को गिरफ्तार कर लिया.
बीते 8 मई को केशवपुरम इलाके में हुई घटना के बाद लोगों में डर और बढ़ गया था. सीसीटीवी फुटेज में आरोपी कई घरों की घंटियां बजाते हुए दिखाई दिया. जब किसी घर से जवाब नहीं मिला तो वह दूसरी मंजिल पर स्थित एक मकान तक पहुंच गया.
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष आरके गुलाटी के अनुसार, आरोपी ने सी-3 ब्लॉक में छह से आठ घरों की घंटियां बजाईं थीं. राहत की बात यह रही कि वह किसी बड़ी घटना को अंजाम नहीं दे सका. एक महिला ने दरवाजा खोला जरूर था, लेकिन शक होने पर तुरंत बंद कर लिया.
जांच में यह भी सामने आया कि यह उसकी पहली वारदात नहीं थी. इससे पहले 21 अप्रैल को पीतमपुरा के मौर्य एन्क्लेव इलाके में भी इसी तरह की घटना हुई थी. आरोप है कि आरोपी एक परिचित के घर में दाखिल हुआ और वहां मौजूद एक किशोर को धारदार हथियार दिखाकर बंधक बना लिया. इसके बाद वह करीब चार लाख रुपये नकद और लगभग 25 लाख रुपये के सोने के गहने लूटकर फरार हो गया था.
पुलिस ने बुधवार को बताया कि एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जिसने कथित तौर पर उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के केशव पुरम और पीतमपुरा इलाके में रहने वाले लोगों को लूटने के लिए AC और RO मैकेनिक होने का नाटक किया था. आरोपी की पहचान अजय बग्गा के रूप में हुई है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

