Rohini Acharya: लगभग 10 महीनों तक चले लंबे विवाद और दूरियों के बाद अब लालू परिवार में सब कुछ ठीक होता दिख रहा है। दरअसल तमाम विवादों के बीच लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने फिर से परिवार में वापसी का संकेत दिया है। रोहिणी आचार्य ने आज मंगलवार (29, सितंबर) को सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि, वह जल्द ही अपने पिता के पास लौटकर एक बेटी का फर्ज निभाने वाली हैं। साथ ही उन्होंने राजद सुप्रीमो लालू यादव के साथ अपनी अपनी तस्वीरें भी शेयर की हैं।
रोहिणी आचार्य ने अपनी पोस्ट में लिखा, मेरे लिए मेरे पापा, उनकी ख़ुशी और उनके आशीर्वाद से बढ़कर कुछ भी नहीं। उनके बुलावे से बढ़कर कोई आदेश नहीं। इसलिए जल्द ही आ रही हूं, अपने पापा के पास, एक बेटी होने का फर्ज निभाने।
मारपीट और गाली-गलौज का लगाया था आरोप
गौरतलब है कि पिछले साल नवंबर महीने में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में राजद को मिली बुरी हार के बाद राबड़ी आवास में काफी हंगामा हुआ था, उस समय रोहिणी आचार्य आधी रात को रोते हुए राबड़ी आवास से बाहर निकली और दिल्ली के लिए रवाना हो गई थी। फिर दिल्ली से वह अपने ससुराल सिंगापुर चली गईं। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने राबड़ी आवास में अपने साथ मारपीट और गाली-गलौज होने का गंभीर आरोप लगाया था। रोहिणी ने यहां तक कहा था कि उन्हें मारने के लिए चप्पल तक तानी गई। हालांकि उन्होंने इस दौरान किसी का नाम नहीं लिया था।
पार्टी-परिवार सभी को किया अनफॉलो
इतना ही नहीं इस घटना से दुखी होकर रोहिणी आचार्य ने सक्रिय राजनीति और अपने मायके/परिवार से नाता तोड़ने का भी ऐलान कर दिया था। सिंगापुर रवाना होने के साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर तेजस्वी समेत परिवार के सभी सदस्यों और पार्टी को भी अनफॉलो कर दिया था। रोहिणी के सिंगापुर रवाना होने के अगले दिन उनकी तीन अन्य बहनें (रागिनी, चंदा और राजलक्ष्मी) भी बच्चों के साथ राबड़ी आवास छोड़कर दिल्ली चली गईं, जिससे यह पारिवारिक कलह पूरी तरह सार्वजनिक हो गई।
अब जल्द बिहार लौटने का दिया संकेत
हालांकि सिंगापुर रवाना होने के बाद भी रोहिणी आचार्य सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहीं। इस दौरान वह राजद में लिए जा रहे निर्णयों, तेजस्वी के फैसलों और बिहार सरकार पर लगातार हमलावर नजर आईं। हालांकि अब उनके इस पोस्ट को देखने के बाद ऐसा प्रतित हो रहा है कि जल्द ही वह बिहार लौटेंगी। परिवार के साथ उनकी नारजगी व दूरियां अब खत्म होती दिख रही हैं।
ये भी पढ़ें- ‘अगर कोई समस्या है तो…’, ‘शर्म’ वाले बयान पर BJP मंत्री लखेंद्र पासवान ने चिराग को दी नसीहत


