Rohini Acharya: बिहार के डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव ने आज शुक्रवार को मीडिया से बातचीत के दौरान राजद सुप्रीमो लालू यादव पर बड़ा प्रहार करते हुए कहा कि, उसने तो पूरा खजाना ही लूट लिया। डिप्टी सीएम के इस बयान पर लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य की तिखी प्रतिक्रिया सामने आई है। रोहिणी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि, कहीं ऐसा तो नहीं है कि नीतीश कुमार जी की दिमागी हालत जैसी मानसिक स्थिति विजेंद्र यादव की भी हो गई है?

जवाबदेही से भागने की फितरत- रोहिणी

रोहिणी आचार्य ने लिखा कि, फेल डबल इंजन वाली सरकार में शामिल लोगों की जवाबदेही से भागने की फितरत रही है। उन्होंने कहा, पत्रकारों ने राज्य की बदहाल आर्थिक स्थिति, बजट संतुलन और वित्तीय प्रबंधन जैसे जनहित से जुड़े गंभीर सवाल उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र यादव से पूछे, मगर जवाब देने की बजाय वे अपनी सरकार की नाकामियों पर पर्दा डालने की कोशिश में बड़ी बेशर्मी से अमर्यादित टिप्पणी उन लालू जी पर करते दिखे, जिन लालू जी वजह से बिजेंद्र यादव अपना लंबा राजनीतिक सफर तय कर सके।

नीतीश की तरह मानसिक स्थिति दुरुस्त नहीं- रोहिणी

रोहिणी ने कहा, नीतिगत सवालों को टालने के लिए लालू जी जैसे राजनीति के शिखर पुरुष पर अमर्यादित टिप्पणी करना लोकतांत्रिक जवाबदेही से साफ तौर पर पीछे हटना है और ये दर्शाता है कि उपमुख्यमंत्री की मानसिक स्थिति भी अपने नेता नीतीश कुमार जी की ही तरह दुरुस्त नहीं है, बढ़ती उम्र का असर दिमाग पर पड़ता दिख रहा है।

उन्होंने कहा कि, नीतिगत जवाब के अभाव में अभद्र टिप्पणी का सहारा लेना गिरी हुई मानसिकता व वैचारिक शून्यता का प्रतीक है और साफ़ तौर पर यह दर्शाता है कि सत्ता पक्ष के पास वर्तमान आर्थिक चुनौतियों का सामना करने के कोई स्पष्ट रोडमैप नहीं है।

जानें क्या है पूरा मामला?

दरअसल आज शुक्रवार को पत्रकारों ने जब उनसे यह पूछा कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव कह रहे हैं कि बिहार का सरकारी खजाना खाली हो गया है, उन्हें खुद 5 महीने बाद वेतन मिला है। इसपर डिप्टी सीएम ने कहा कि, तेजस्वी यादव को जितना ज्ञान है, वो उतना ही ना बोलेगा। आप लोग ये सवाल पूछकर उसे हाईलाइट कर रहे हैं। उसका पिता (लालू यादव) पूरा खजाना लूट लिया। घोटाला किया। उन्होंने सवाल उठाते हुए पूछा कि तेजस्वी यादव कितना पढ़ा हुआ है? उसे कितनी जानकारी है? डिप्टी सीएम के इस बयान पर रोहिणी आचार्य ने तिखी प्रतिक्रिया दी है।

ये भी पढ़ें- मुआवजा और नौकरी के ऐलान से भरत तिवारी का परिवार खुश नहीं, सरकार से कर दी ये बड़ी मांग