कुंदन कुमार, पटना। लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य कल रविवार की रात अचानक अपने मामा साधु यादव के घर उनसे मिलने पहुंची। मामा साधु यादव और मामी ने भी भांजी रोहिणी आचार्य के घर पहुंचने पर खुशी जाहिर की। रोहिणी ने भी मामा-मामी के पैर छुकर उनका आशीर्वाद लिया। गौरतलब है विस चुनाव के बाद राबड़ी आवास में हुए पारिवारिक विवाद के बाद लगभग 11 महीने बाद रोहिणी आचार्य पटना लौटी हैं।
सारण से चुनाव लड़ेगी रोहिणी- साधु यादव
भांजी रोहिणी आचार्य के घर पहुंचने पर मामा साधु यादव ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, घर में बेटी या भांजी आती है, तो खुशी होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि उनकी भांजी रोहिणी आचार्य छपरा (सारण) से चुनाव लड़ेंगी और जीतकर लोकसभा जाएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे और पूरा परिवार चुनाव में उनका पूरा समर्थन करेंगे और साथ देंगे।
राजनीतिक चर्चाओं से किया इंकार
वहीं दूसरी ओर साधु यादव ने अपनी भगिनी रोहिणी आचार्य के सिंगापुर से वापस लौटने और उनसे मुलाकात के संबंध में कहा कि, उनकी भगिनी सिंगापुर से आई हैं, वे उनके आने से खुश हैं और उनका स्वागत करते हैं। पत्रकारों द्वारा राजनीतिक बातचीत को लेकर पूछे जाने पर उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके बीच कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई है। यह केवल एक पारिवारिक मुलाकात और साथ में खाना-पीना है।
दूरी की अफवाहों पर उन्होंने कहा कि उनके और परिवार के बीच कभी कोई दूरी नहीं थी, मीडिया अफवाहें फैलाता है। साथ ही आरजेडी की कमान सौंपे जाने या अन्य राजनीतिक चर्चाओं की खबरों को उन्होंने पूरी तरह से खारिज कर दिया।
लालू के बुलावे पर लौंटी पटना
बता दें कि हालही में रोहिणी आचार्य ने एक पोस्ट के जरिए फिर से परिवार में वापसी का संकेत दिया था। रोहिणी आचार्य ने बीते मंगलवार (29, सितंबर) को सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि, वह जल्द ही अपने पिता के पास लौटकर एक बेटी का फर्ज निभाने वाली हैं। रोहिणी आचार्य ने अपनी पोस्ट में लिखा, मेरे लिए मेरे पापा, उनकी ख़ुशी और उनके आशीर्वाद से बढ़कर कुछ भी नहीं। उनके बुलावे से बढ़कर कोई आदेश नहीं। इसलिए जल्द ही आ रही हूं, अपने पापा के पास, एक बेटी होने का फर्ज निभाने।
ये भी पढ़ें- सुबह-सुबह ललन सिंह से मिलने पहुंचे नीतीश कुमार, अनंत-नीरज विवाद पर हो सकता है बड़ा फैसला

