रोहतक। हरियाणा के रोहतक जिले के ब्राह्मणवास गांव में एक 20 वर्षीय युवक ने अपनी ही 40 वर्षीय मां की गला दबाकर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात सुबह करीब सवा 11 बजे हुई, जहां हत्या के बाद महिला का शव घर के आंगन में पड़ा मिला। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी बेटा खुद सदर थाने पहुंचा और पुलिस को अपनी मां की हत्या करने की जानकारी दी।

घर के आंगन में मिला महिला का शव

बेटे द्वारा आत्मसमर्पण किए जाने की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घर के आंगन से महिला के शव को कब्जे में लिया। जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने मौके पर एफएसएल (फॉरेंसिक) एक्सपर्ट की टीम को भी बुलाया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डेड हाउस भेज दिया गया।

गुजरात में नौकरी करता है पति, अकेले रहती थी मृतका

मृतक महिला की पहचान 40 वर्षीय पिंकी के रूप में हुई है। पिंकी गांव में अपने घर पर अकेली रहती थी। उनका पति देवेंद्र सिंह गुजरात में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। वहीं, पिंकी अपने तीन बच्चों और सास-ससुर से अलग घर में रहती थी।

सोनीपत में दादा-दादी के पास रहते हैं बच्चे

मृतका पिंकी के तीन बच्चे हैं, जिनमें एक बड़ा बेटा प्रिंस उर्फ मोनू और दो बेटियां शामिल हैं। तीनों बच्चे सोनीपत में अपने दादा-दादी के साथ रहते हैं। सुबह करीब सवा 11 बजे 20 वर्षीय बड़ा बेटा प्रिंस उर्फ मोनू सोनीपत से अपने गांव ब्राह्मणवास आया और उसने अपनी मां पिंकी की गला घोंटकर हत्या कर दी।

हत्या की वजह तलाशने में जुटी पुलिस

वारदात के पीछे की मुख्य वजह क्या थी, यह अभी साफ नहीं हो सका है। पुलिस आरोपी प्रिंस को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सदर थाना पुलिस का कहना है कि मामले में मामला दर्ज कर गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने और आरोपी से पूछताछ के बाद ही हत्या के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m