रोहतक। हरियाणा के रोहतक जिले के सांपला थाने में डबल मर्डर केस के आरोपी को राहत दिलाने के नाम पर रिश्वत लेने का मामला सामने आया है। झज्जर एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) दीनबंधु को कथित तौर पर रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। एसीबी इंस्पेक्टर रोहतास के मुताबिक, ASI ने हत्या के आरोपी के पिता से यह कहकर पैसे मांगे थे कि उसके बेटे से मारपीट कम की जाएगी और मुकदमा सही कर दिया जाएगा।

थाने में ही चल रहा था रिश्वत का खेल

एसीबी की टीम ने रिश्वत लेने के मामले में ट्रैप लगाया था। इसी दौरान ASI दीनबंधु सांपला थाने में ही पैसे ले रहा था। टीम अचानक पहुंची और उसे पकड़ लिया।

उस समय सांपला थाना प्रभारी (SHO) अपने कमरे में बैठे थे। उन्हें एसीबी की कार्रवाई की भनक तक नहीं लगी।

नहर में मिले थे दिल्ली में रह रहे कपल के शव

5 अक्टूबर को सांपला थाने में हत्या का मामला दर्ज हुआ था। दिल्ली में रह रहे संदीप और कविता के शव झज्जर की एक नहर में मिले थे।

इस मामले में पुलिस ने मृतकों के दो दोस्तों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था। आरोपियों की पहचान हसनगढ़ निवासी नितेश उर्फ मोडिस और नितेश उर्फ बच्चा के रूप में हुई है।

आरोपी के पिता से मांगी थी रिश्वत

एसीबी इंस्पेक्टर रोहतास के मुताबिक, ASI दीनबंधु ने हत्या के मामले में आरोपी के पिता से पैसे मांगे थे। उसने कथित तौर पर कहा था कि पैसे देने पर उसके बेटे से मारपीट कम की जाएगी और मुकदमा सही कर दिया जाएगा।

इसी शिकायत और कार्रवाई के सिलसिले में एसीबी की टीम ने ट्रैप लगाया और ASI को पकड़ लिया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m