रोहतक की ओमेक्स सिटी में देर रात एक फाइनेंसर पर अज्ञात बदमाशों ने गोलियां चला दीं। पीड़ित खुद अस्पताल पहुंचा, जहां उसका उपचार जारी है और पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।

रोहतक। हरियाणा के रोहतक की ओमेक्स सिटी में रविवार देर रात सनसनीखेज फायरिंग की वारदात सामने आई है। घर के बाहर टहल रहे एक फाइनेंसर पर अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चला दीं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घायल अवस्था में फाइनेंसर खुद ही गाड़ी चलाकर अस्पताल पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, घायल की पहचान झज्जर जिले के डीघल गांव निवासी फाइनेंसर लवकेश उर्फ पप्पू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह देर रात घर के बाहर टहल रहे थे, तभी पैदल आए दो अज्ञात हमलावरों ने उन पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली उनकी कमर में लगी, जिसके बाद खून से लथपथ हालत में वह किसी तरह घर की ओर भागे और खुद निजी अस्पताल पहुंचकर इलाज शुरू करवाया। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

इस खौफनाक फायरिंग की घटना के बाद ओमेक्स सिटी और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस फिलहाल मामले के हर पहलू की जांच में जुटी हुई है।