रोहतक। शहर के डी-पार्क मार्केट में मंगलवार दोपहर हुए भीषण अग्निकांड में मरने वालों की संख्या तीन पहुंच गई है। आग की चपेट में एक जूते के शोरूम समेत करीब 10 दुकानें आ गई थीं। हादसे में तीन लोग जिंदा जल गए, जिनमें से दो की पहचान हो चुकी है, जबकि एक शव की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान सौरभ उर्फ रोहित (19) और अमन (38) के रूप में हुई है। तीसरे मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं।
हादसे पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
आर्थिक सहायता का ऐलान
मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिवार को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, हादसे में घायल लोगों के परिवारों को 2 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।
घायलों का होगा मुफ्त इलाज
राज्य सरकार ने सभी घायलों का सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क उपचार कराने का भी निर्णय लिया है। साथ ही रोहतक के उपायुक्त को हादसे में हुए नुकसान का आकलन कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
जांच जारी
अग्निकांड के कारणों का पता लगाने के लिए प्रशासन और संबंधित एजेंसियां जांच में जुटी हुई हैं। हादसे के बाद पूरे शहर में शोक का माहौल है।

