हरियाणा के रोहतक में एक रिटायर्ड पुलिस उपनिरीक्षक (SI) के घर पर 27 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतका के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने ससुर, पति और सास के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

रोहतक। हरियाणा के रोहतक शहर की न्यू राजेंद्रा कॉलोनी में शुक्रवार शाम को एक 27 वर्षीय विवाहिता ज्योति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस सनसनीखेज घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि ज्योति के ससुर, जो कि हरियाणा पुलिस के सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक (SI) हैं, पति और सास ने एक सोची-समझी साजिश के तहत उसकी हत्या की है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मुकदमा (FIR) दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर मामले की गहन वैज्ञानिक जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने दर्ज किया एफआईआर

मृतक के पिता पवन निवासी निंदाना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी छोटी बेटी ज्योति की शादी साल 2018 में झज्जर जिले के गांव दूबलधन निवासी कृष्ण के साथ की थी, जो वर्तमान में रोहतक की न्यू राजेंद्रा कॉलोनी में रह रहा था। दंपति की दो छोटी बेटियां हैं। पीड़ित पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष ज्योति को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। पहली बेटी के जन्म के समय ससुराल वाले उसे अस्पताल में ही अकेला छोड़कर चले गए थे, जबकि दूसरी बेटी होने पर साल 2021 में उसे घर से निकाल दिया गया था। प्रताड़ना से तंग आकर साल 2024 में ज्योति ने महिला थाने में शिकायत भी दी थी, लेकिन बाद में पारिवारिक राजीनामा हो गया था।

परिजनों का आरोप, जानें मामला

परिजनों ने आरोप लगाया कि ज्योति के ससुर राजबीर सिंह रोहतक पुलिस में ही उपनिरीक्षक पद पर तैनात थे और एक साल पहले सेवानिवृत्त हुए हैं, जिसके कारण वे अपनी पुलिसिया धौंस दिखाते हुए अक्सर धमकी देते थे कि उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। मायके पक्ष के अनुसार, ज्योति के पति कृष्ण ने पहले भी उस पर जानलेवा हमला करते हुए चाकू फेंककर मारा था, जो उसके पैर में लगा था। एक बार जब ज्योति की बड़ी बहन रेखा उससे मिलने आई, तो कृष्ण ने कुल्हाड़ी से हमला करने का प्रयास किया था। इतना ही नहीं, सास भी ज्योति के पीछे लाठी लेकर भागी थी, तब उसने पड़ोसियों के घर छिपकर अपनी जान बचाई थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारणों का खुलासा होगा और सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।