रोहतक की न्यू राजेंद्रा कॉलोनी में एक महिला की उसके ससुराल वालों ने पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने वारदात को छुपाने के लिए इसे बंदरों का हमला बताया, लेकिन मायके पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

रोहतक। जिले की न्यू राजेंद्रा कॉलोनी में दो मासूम बेटियों की मां ज्योति की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस खौफनाक वारदात के बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए इसे बंदरों के हमले के कारण छत से गिरकर हुई मौत का रूप देने की नाकाम कोशिश की। हालांकि, मृतका के मायके वालों ने मृतका के ससुर पर बेहद संगीन और घिनौने आरोप लगाए हैं। परिजनों का सीधा आरोप है कि ससुर राजबीर अपनी बहू ज्योति पर काफी समय से गलत नजर रखता था और उसके साथ अक्सर छेड़छाड़ करता था। जब ज्योति ने इस अनैतिक हरकत का पुरजोर विरोध किया, तो उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई।

बेटियां पैदा होने पर प्रताड़ना

इस मामले में गांव निंदाना निवासी पीड़ित पिता पवन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी ज्योति का विवाह 17 जुलाई 2018 को दुबलधन माजरा निवासी कृष्ण के साथ संपन्न हुआ था। शादी के कुछ समय बाद ही दहेज के लालची ससुराल वाले उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। हद तो तब हो गई जब ज्योति को पहली बेटी हुई, तो ससुराल वाले उसे अस्पताल में ही अकेला छोड़कर भाग गए। साल 2021 में दूसरी बेटी के जन्म पर भी विवाद कर उसे घर से निकाल दिया गया, जिसके बाद पति माफी मांगकर उसे वापस लाया था।

महिला थाने तक गया था मामला

ज्योति के साथ ससुराल में आए दिन बर्बरतापूर्वक मारपीट की जाती थी, जिसकी शिकायत उसने एक बार डायल 112 पर भी की थी। साल 2024 में ससुर, सास और पति ने मिलकर ईंट से हमला कर ज्योति का सिर फोड़ दिया था, जिसकी लिखित शिकायत महिला थाने में दर्ज कराई गई थी, लेकिन बाद में समाज के दबाव में राजीनामा हो गया। मृतका के स्वजनों का आरोप है कि ससुर राजबीर हमेशा ज्योति से कहता था कि ‘तू मेरी लुगाई बनकर रह, घर की बात घर में रह जाएगी।’ मृतका की बेटियों ने भी पुलिस के सामने इस बात की गवाही दी है।

साजिश के तहत रची गई मौत

मृतका के भाई रमेश ने बताया कि 29 मई को पड़ोसियों के माध्यम से उन्हें सूचना मिली कि ज्योति को गंभीर चोटें आई हैं। जब वे बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे, तो ज्योति खून से लथपथ मृत स्थिति में पड़ी थी। आरोप है कि ससुर राजबीर, सास रानी और पति कृष्ण ने पूरी सोची-समझी साजिश के तहत मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया है। रोहतक पुलिस ने पीड़ित मायके पक्ष की शिकायत के आधार पर तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।