रोहतक के अर्जुन नगर में रात करीब 1 बजे स्कूटी सवार दो युवकों ने किराने की दुकान पर मौजूद गर्वित पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। सिर पर ताबड़तोड़ वार से गर्वित गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर उसे आरोपियों से छुड़ाया। इसके बाद उसे पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। सूचना पर पीजीआई थाना पुलिस पहुंची और घायल के बयान पर हिमांशु व मानिक के खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

दुकान पर मौजूद था युवक

घायल गर्वित पुत्र सुरेंद्र विरमानी ने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने अर्जुन नगर में किराने की दुकान कर रखी है। रात करीब 1 बजे दो अनजान व्यक्ति स्कूटी से दुकान पर पहुंचे। दोनों के हाथों में लाठी-डंडे थे।

गर्वित के अनुसार, आरोपियों ने आते ही उस पर हमला कर दिया। उन्होंने लाठी-डंडों से उसके साथ मारपीट की। हमले में वह घायल होकर गिर गया।

सिर पर किए ताबड़तोड़ वार

गर्वित ने बताया कि आरोपियों ने उसके सिर पर लाठी-डंडों से कई वार किए। गंभीर चोट लगने के बाद वह जमीन पर गिर गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया।

लोगों ने गर्वित को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद दोनों आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।

आरोपियों से जान का खतरा बताया

गर्वित ने पुलिस को बताया कि हमले में हिमांशु और मानिक नाम के दो व्यक्ति शामिल थे। उसका कहना है कि आरोपियों से उसे और उसके परिवार को जान-माल का खतरा है। गर्वित ने आशंका जताई कि आरोपी दोबारा उस पर या उसके परिवार पर हमला कर सकते हैं।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पीजीआई थाना इंचार्ज नवीन ने बताया कि युवक पर हमला होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची। घायल की शिकायत के आधार पर दो लोगों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया गया है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपियों को जल्द पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m