अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां एक 19 वर्षीय नविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई। पूरा मामला सूर्यपुरा थाना क्षेत्र के पवरा गांव का है। घटना को लेकर ससुराल पक्ष का कहना है कि महिला ने अपने कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली, जबकि मायके वालों ने ससुराल वालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

8 मई को हुई थी शादी

मृतक नवविवाहिता की पहचान लक्ष्मीना के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार बीते 8 मई 2026 को ही उसकी शादी संझौली के नरवद गांव निवासी अर्जुन राम के साथ धूमधाम से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद पति अर्जुन राम अपनी नवविवाहित पत्नी को घर छोड़कर बाहर (अन्य राज्य) मजदूरी करने चला गया।

दहेज में फ्रिज मांग रहा था ससुराल पक्ष

मृतका के पिता धनजी राम ने बताया कि, ससुराल पक्ष के लोग संझौली के नरवद गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि शादी के समय उन लोगों ने यथासंभव उपहार (दहेज) भी दिया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर एक रेफ्रिजरेटर की मांग की जा रही थी, जिसको लेकर आए दिन ससुराल में विवाद होता था। उन्हें शक है कि इसी विवाद के चलते उनकी बेटी की हत्या की गई है।

जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस

वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया। वहीं, मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस ने घटना के संबंध में परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर जानकारी जुटाने का प्रयास किया है। पुलिस का कहना है कि महिला की मौत कैसे हुई। इसका पता पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर अपनी जांच को आगे बढ़ा रही है।

ये भी पढ़ें- Bihar Crime: बिहार में दिव्यांग मुर्गा दुकानदार की गला काटकर हत्या, खून से लथपथ हालत में मिला शव