अविनाश श्रीवास्तव/रोहतास। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बेखौफ चोरों ने भगवान के घर को भी नहीं बख्शा। बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के मानपुर पंचायत स्थित परसा गांव में चोरों ने दो प्रमुख मंदिरों काली मंदिर और हनुमान मंदिर को अपना निशाना बनाया और लाखों के आभूषण समेत कीमती सामानों पर हाथ साफ कर दिया।

​लाखों के सोने के आभूषण

​ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने बड़ी चालाकी से चोरी की इस घटना को अंजाम दिया। काली मंदिर से मां काली के सोने के नेत्र और सोने की नथिया चोरी कर ली गई है। वहीं, पास ही स्थित हनुमान मंदिर से भी बजरंग बली के सोने के नेत्र और अन्य पूजन सामग्री गायब है। आभूषणों के अलावा, चोर मंदिरों से 25-25 किलो वजन के पीतल के दो बड़े घंटे भी खोल ले गए।

​ग्रामीणों की मेहनत और श्रद्धा पर फिरा पानी

​इस घटना के बाद से पूरे गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि हाल ही में पूरे गांव ने चंदा इकट्ठा कर और आपसी सहयोग से मां काली और हनुमान जी के लिए सोने के आभूषण बनवाए थे। प्राथमिक अनुमान के अनुसार, चोरी हुई संपत्ति की कीमत लगभग 1.5 लाख रुपये आंकी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी आस्था और मेहनत की कमाई पर चोरों ने पानी फेर दिया है।

​पुलिस जांच में जुटी, सुरक्षा पर उठे सवाल

​घटना की सूचना मिलते ही बिक्रमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। हालांकि, स्थानीय निवासियों में पुलिस गश्ती को लेकर काफी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस इलाके के मंदिरों में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई न होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।