बक्सर। शहर के जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरुदास मठिया गांव में एक युवक की बेरहमी से पिटाई का मामला गरमा गया है। पीड़ित रवि कुमार उर्फ बेटानी यादव के पिता बसावन यादव की शिकायत पर पुलिस ने 17 नामजद और 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 6 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
चोरी का आरोप और AI वीडियो का दावा
इस कार्रवाई के विरोध में ग्रामीणों ने बक्सर-इटाढी मार्ग को जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे आजाद पार्टी के जिला अध्यक्ष सुरेश आजाद ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया। उनका कहना है कि युवक को चोरी करते रंगे हाथों पकड़ा गया था, लेकिन पुलिस ने चोर पर कार्रवाई करने के बजाय उन ग्रामीणों को उठा लिया जिन्होंने उसे पकड़ा था। इतना ही नहीं, उन्होंने वायरल वीडियो को AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) द्वारा निर्मित बताकर युवक को लटकाने की बात से इनकार किया है।
लोहे की रॉड और मिर्च पाउडर का इस्तेमाल
पीड़ित के पिता ने आवेदन में रोंगटे खड़े कर देने वाले आरोप लगाए हैं। उनके अनुसार, आरोपियों ने पुरानी रंजिश में उनके बेटे को न केवल पेड़ से उल्टा लटकाया, बल्कि लाठी-डंडों, पत्थरों और लोहे की रॉड से बुरी तरह पीटा। सबसे क्रूर बात यह रही कि युवक के जख्मों और पूरे शरीर पर मिर्च पाउडर डाल दिया गया ताकि उसे असहनीय पीड़ा हो। पिता ने बताया कि मिन्नतें करने के बाद आरोपियों ने युवक को नीचे उतारा।
पुलिस की सख्त चेतावनी
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बक्सर एसपी शुभम आर्य ने स्पष्ट किया है कि कानून को हाथ में लेना गंभीर अपराध है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

