अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले के डेहरी से एलपीजी गैस वितरकों को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन ऑफ इंडिया के आह्वान पर देश भर के गैस वितरक मंगलवार को नो मनी-नो इंडेन दिवस मनाएंगे। कमीशन बढ़ाने की मुख्य मांग को लेकर शुरू हुए इस राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत वितरक तेल कंपनियों के खाते में सिलेंडर के लिए पैसे जमा नहीं करेंगे और ना ही गैस सिलेंडरों की मांग करेंगे।

​विरोध प्रदर्शन और प्रमुख मांगें

​संगठन के अनुसार, पिछले कई सालों से होम डिलीवरी और प्रशासनिक कमीशन में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। वितरकों का कहना है कि उन्हें मात्र 33 रुपये में दूर-दूर तक होम डिलीवरी पहुंचानी पड़ती है। हाल ही में यह निर्णय हुआ था कि प्रत्येक सिलेंडर पर 75 रुपये तक कमीशन बढ़ाया जाना चाहिए, लेकिन सरकार और तेल कंपनियां इस पर ध्यान नहीं दे रही हैं। इसी के विरोध में यह सांकेतिक कदम उठाया गया है।

​राष्ट्रव्यापी असर और आगामी रणनीति

​इस राष्ट्रव्यापी आंदोलन में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) से जुड़े 26 हजार वितरक हिस्सा लेंगे। वे कल ना तो तेल कंपनियों के खाते में पैसा जमा करेंगे और ना ही गैस सिलेंडर के लिए मांग पत्र भरेंगे।
​डेहरी में एक प्रेस वार्ता के दौरान संगठन के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष उदय शंकर ने इसकी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि अपनी मांगों के समर्थन में 26 अक्टूबर को देश भर के एलपीजी गैस वितरक नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे।