अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले के डेहरी से अच्छी खबर सामने आई है। करीब एक महीने बाद डेहरी स्थित सोन नदी में एक बार फिर नावों का परिचालन शुरू हो गया है। बोटिंग शुरू होने से नावीक, स्थानीय लोगों और पर्यटकों में खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है।

परिवहन विभाग ने लगाई थी रोक

दरअसल परिवहन विभाग ने बिना लाइसेंस के सोन नदी में नावों के परिचालन पर रोक लगा दी थी। साथ ही विभाग की ओर से सभी नाविकों से नावों के परिचालन का लाइसेंस बनवाने की बात कही गई थी। इसके साथ ही नाव परिचालन को लेकर, जो भी गाइडलाइन है, उसका पालन करने की सलाह देते हुए नावों के परिचालन पर रोक लगा दी थी।

नाविक और पर्यटकों के चेहरे खिले

वहीं, अब लगभग एक महीने बाद परिवहन विभाग ने बोटिंग को लेकर नाविकों को लाइसेंस निर्गत कर दिया है। इसके साथ ही लाइफ जैकेट एवं तमाम तरह की सुविधाओं के साथ एक बार फिर डेहरी के सोन नदी में बोट का परिचालन शुरू हो गया है। बोटिंग के शुरू होने से नाविकों और पर्यटकों में खुशी देखने को मिल रही है। लोग अब पहले के मुकाबले सुरक्षित तरीके से बोटिंग का आनंद ले रहे हैं।

नौका विहार का आनंद लेने पहुंचते हैं लोग

बता दें कि एनीकट के पास बहुत से लोग नौका विहार के लिए पहुंचते हैं। खासकर शाम के समय सोन नदी में जब नाव परिचालन होता है, तो लोग घूमने भी पहुंचते हैं। कई पर्यटक भी यहां आकर बोटिंग का आनंद लेते हैं। ऐसे में एक बार फिर से नाव परिचालन शुरू होने से लोगों ने इसका स्वागत किया है।

ये भी पढ़ें- NEET री-एग्जाम कल: पटना में पर्यवेक्षकों को दी गई विशेष ट्रेनिंग, 12 से अधिक छात्रों ने की खुदकुशी