कुंदन कुमार, पटना। देशभर में कल 21 जून को दोबारा से नीट परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। पहली बार पेपर के लीक होने के बाद एनटीए (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) री-एग्जाम करा रही है। ऐसे में 22 लाख से अधिक छात्र एक बार फिर से अपनी किस्मत आजमाने को तैयार हैं। राजधानी पटना में भी कई परीक्षा केंद्रों पर नीट परीक्षा आयोजित की गई है।

परीक्षा से पहले पर्यवेक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण

नीट परीक्षा के समय किसी भी प्रकार की कोई गड़बड़ी ना हो, इसे लेकर आज शनिवार (20, जून) को पटना के ए. एन. कॉलेज में सुबह 11:30 बजे से 12:00 तक पर्यवेक्षकों को नीट परीक्षा को लेकर के प्रशिक्षण दिया गया। बता दें कि इस बार नीट परीक्षा देने वाले छात्रों को 15 मिनट का अतिरिक्त समय मिल रहा है।

इसे कैसे सुनिश्चित करना है? कोई भी परीक्षार्थी जूता-मोजा, बेल्ट इत्यादि पहनकर नहीं आए। अतिरिक्त 15 मिनट के समय में क्या-क्या करना है? पर्यवेक्षकों को इन सभी बातों की जानकारी दी गई। बता दें की नीट री-एग्जाम के लिए ए. एन. कॉलेज में चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 2,100 से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचेंगे।

नागपुर के छात्र का सेंटर भेजा अबू धाबी

नीट परीक्षा लीक होने के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी को काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था। वहीं, कल होने वाले री-एग्जाम से पहले एनटीए को लेकर विवाद थमता नहीं दिख रहा है। दरअसल 21 जून को होने वाले नीट परीक्षा री-एग्जाम के लिए एनटीए ने नागपुर के एक छात्र (अब्दुल्लाह मोहम्मद) का परीक्षा सेंटर अबू धाबी (यूएई) भेज दिया है, जिसे लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी सवाल उठाया है।

अब तक 12 से अधिक छात्रों ने की खुदकुशी

नीट परीक्षा के बीच कई राज्यों से दुखद भरी खबर भी सामने आई हैं। बता दें कि दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश समेत 8 राज्यों में पिछले 38 दिनों में 12 से अधिक छात्रों ने आत्महत्या कर ली है। इन सभी हादसों के पीछे नीट पेपर का लीक होना, मानसिक तनाव, दोबारा परीक्षा होना का कारण सबसे प्रमुख रहा।

ये भी पढ़ें- ‘मेरे अंग भारतीय सेना को दान कर देना’, एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी का पुराना वीडियो वायरल