अविनाश श्रीवास्तव, सासाराम। 27 अक्टूबर को एक आभूषण दुकान में हुई भीषण चोरी और डकैती के मामले में अब तक अपराधियों की गिरफ्तारी न होने से व्यापारियों में भारी रोष व्याप्त है। इसी बात का विरोध जताने और पुलिस-प्रशासन पर दबाव बनाने के लिए आज कोचस के तमाम व्यवसायियों ने हाथों और कपड़ों पर काला बिल्ला लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया है। व्यापारियों का कहना है कि घटना को लंबा समय बीत जाने के बावजूद पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं, जिससे स्थानीय दुकानदारों और व्यवसायियों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।
न्यू कंचन ज्वेलर्स में हुई थी 3 करोड़ से अधिक की लूट
आपको बता दें कि यह पूरी घटना कोचस बाजार स्थित प्रसिद्ध ‘न्यू कंचन ज्वेलर्स’ नामक आभूषण दुकान की है, जहां 27 अक्टूबर को अपराधियों ने धावा बोलकर 3 करोड़ रुपये से अधिक के आभूषणों की भीषण लूटपाट की थी। इस दुस्साहसिक वारदात ने पूरे इलाके के व्यवसायियों को हिलाकर रख दिया था। घटना के तुरंत बाद पुलिस और प्रशासन के बड़े अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जल्द ही अपराधियों को पकड़ने और माल बरामद करने का आश्वासन दिया था।
एक सप्ताह से अधिक समय बीता
व्यापारियों का मुख्य दर्द यह है कि घटना को एक सप्ताह से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस अभी तक किसी भी मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में कामयाब नहीं हो पाई है। दुकानदारों का कहना है कि अगर इस तरह से अपराधियों के हौसले बुलंद रहेंगे और पुलिस मूकदर्शक बनी रहेगी, तो व्यापारियों का व्यापार करना मुश्किल हो जाएगा। इसी मायूसी और पुलिस की कार्यप्रणाली के विरोधस्वरूप आज व्यवसायियों ने शांतिपूर्ण तरीके से काला बिल्ला लगाकर प्रशासन का ध्यान इस गंभीर मामले की ओर आकर्षित किया है। स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

