अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के जोगिया गांव में एक मजदूर की हत्या के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के घर पर जमकर तोड़फोड़ की और आगजनी कर दी। आग की चपेट में आने से हार्वेस्टर, ट्रैक्टर,कार समेत आधा दर्जन से अधिक वाहन जलकर खाक हो गए।

काम पर गए मजदूर की गोली मारकर हत्या

मृतक की पहचान मिल्की गांव निवासी चंद्रेश्वर चौधरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह जोगिया गांव निवासी अजीत तिवारी के यहां मजदूरी का काम करता था। काम के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। जिसके बाद अजीत तिवारी पर चंद्रेश्वर चौधरी को गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। घटना में आरोपी का पालतू कुत्ता भी घायल हो गया।

भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती


हत्या की खबर फैलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आरोपी के घर व दलान में तोड़फोड़ के बाद आग लगा दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रोहतास के पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे। जिले के दो दर्जन से अधिक थानों की पुलिस बल को जोगिया गांव में तैनात किया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार

पुलिस ने मुख्य आरोपी अजीत तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं शव की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पूरे इलाके में तनाव बना हुआ है हालांकि पुलिस का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है।

ये भी पढ़ें- बेगूसराय में बहन के अपहरण के बाद गवाही देने जा रहे भाई की हत्या, नेशनल हाईवे जाम