अविनाश श्रीवास्तव, सासाराम। रोहतास जिले के रोहतास थाना क्षेत्र स्थित नागाटोली गांव में आकाशीय बिजली (ठनका) गिरने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 39 वर्षीय महावीर यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महावीर यादव रोज की तरह अपने खेत में कृषि कार्य करने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के बीच उन पर वज्रपात हो गया। बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और घटनास्थल पर ही अचेत होकर गिर पड़े।
आसपास मौजूद ग्रामीणों ने घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल उन्हें पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

महावीर यादव अपने परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में एक पुत्र और चार पुत्रियां हैं। उनकी असामयिक मौत के बाद परिवार के सामने आजीविका का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। गांव के लोगों का कहना है कि किसान की मौत से पूरा इलाका शोक में डूबा हुआ है।

बिहार के 15 जिलों में सामान्य रहेगा मौसम

इधर मौसम विभाग ने राज्य के शेष 15 जिलों में मंगलवार को मौसम सामान्य रहने की संभावना जताई है। हालांकि इन इलाकों में लोगों को दिनभर उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। राजधानी पटना में भी मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहने की उम्मीद है, लेकिन नमी अधिक होने के कारण उमस लोगों को परेशान कर सकती है।

कई जिलों में हुई अच्छी बारिश, 31 जुलाई तक ऐसा ही रहेगा मौसम

बीते 24 घंटों के दौरान नालंदा, जहानाबाद, बेगूसराय, अररिया और सुपौल में अच्छी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा राज्य के कई अन्य जिलों में हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलीं। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में मानसूनी ट्रफ की स्थिति लगातार बदल रही है। इसी वजह से वातावरण में पर्याप्त नमी बनी हुई है, लेकिन पूरे राज्य में एक साथ व्यापक और मूसलाधार बारिश नहीं हो रही है। विभाग का अनुमान है कि 31 जुलाई तक बिहार में मौसम का यही पैटर्न बना रह सकता है। ऐसे में लोगों को बदलते मौसम के बीच सतर्क रहने और विशेष रूप से खुले स्थानों तथा खराब मौसम के दौरान पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।