अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। बिहार के रोहतास जिले से एक बड़ी और हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां डालमियानगर तथा डेहरी थाना की पुलिस जब एक मामले की जांच करने पहुंची तो ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर नशे में होने की शिकायत करते हुए हंगामा करने लगे। इसके बाद 8 से अधिक पुलिसकर्मियों को स्वास्थ्य जांच के लिए सासाराम के सदर अस्पताल लाया गया।

जानें क्या है पूरा मामला?

दरअसल डायल-112 की पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि डालमियानगर थाना क्षेत्र से किसी युवक का अपहरण किया जा रहा है, जिसके बाद डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां मामला कुछ और निकला। पैसे का लेनदेन के मामले में एक युवक को कुछ लोग पकड़ के रखे हुए थे। जिसे पुलिस ने मुक्त कराया और जब पुलिस वहां से लौट रही थी। इस दौरान पुलिस की गाड़ी पीछे बैक करने के दौरान एक मकान के कच्ची दीवार से टकरा गई, जिससे दीवार क्षतिग्रस्त हो गया।

पुलिसकर्मियों का हुआ स्वास्थ्य जांच

कच्चे मकान का दीवार टूटने से नाराज ग्रामीण पुलिस वैन चला रहे ड्राइवर एवं अन्य पुलिस कर्मियों पर नशा करने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। ऐसे में ग्रामीणों की संतुष्टि के लिए वहां मौजूद लगभग सभी पुलिसकर्मियों को स्वास्थ्य जांच के लिए सासाराम के सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनकी जांच की गई।

जानें डॉक्टर ने क्या कहा?

सदर अस्पताल में पुलिसकर्मी को जांच करने वाले चिकित्सक डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि, प्रथम दृष्टया ऐसा नहीं लगता है कि किसी पुलिसकर्मी ने नशा किया है। लेकिन अगर प्रक्रिया के तहत अस्पताल में पहुंचे हैं, तो इन लोगों के रक्त का नमूना एकत्र किया गया है। रिपोर्ट आने के बाद इसकी जानकारी सामने आएगी। वहीं, मामले पर रोहतास के एसपी रौशन कुमार ने बताया है कि आम लोगों की संतुष्टि के लिए ऐसा किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें- खान सर को जेल या बेल? कोर्ट में अग्रिम जमानत पर सुनवाई पूरी, 10 जुलाई को आएगा फैसला