अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां अपने पति के हत्या की चश्मदीद गवाह रही महिला की हत्या कर दी गई है। पुलिस को औरंगाबाद जिला की बारुण की रहने वाली रानी खातून का शव बरामद हुआ है। मृतक महिला रानी खातून रोहतास जिले की मोस्ट वांटेड अपराधी कल्लू खान की पत्नी थी।
5 साल पहले हुई थी कल्लू खान की हत्या
बता दें कि कल्लू खान की हत्या 5 साल पहले 13 नवंबर 2021 को पंचायत चुनाव के दौरान कर दी गई थी। उस हत्याकांड में रानी खातून चश्मदीद गवाह थी। ध्यान देने वाली बात यह है कि इस महीने की 7 जुलाई को रानी खातून को कोर्ट में गवाही भी देनी थी, लेकिन इससे पहले रानी खातून की हत्या कर दी गई।
जमानत पर बाहर आया था हत्या का आरोपी
रोहतास पुलिस ने औरंगाबाद में पोस्टमार्टम कराकर रानी खातून शव को लेकर डालमियानगर के मकराईन पहुंची है। बता दें रानी खातून के पति कल्लू खान की हत्या का आरोप शिवसागर थाना क्षेत्र के कैथी के रहने वाले इजहार खान पर लगा था। इजहार खान पिछले 4 सालों से जेल में था तथा हाल ही में वह जमानत पर जेल से बाहर आया है। शिवसागर थाना क्षेत्र के कैथी की रहने वाली महिला रानी खातून अपने पति की हत्या के बाद अपने मायका डालमियानगर में रह रही थीं।
फोन आने के घर से बाहर निकली थी मृतका
बताया जाता है कि 27 जून को रानी खातून की मोबाइल पर एक फोन आया और उसके बाद वह जब घर से निकली तो फिर वापस नहीं आई। महिला के पुत्र ने डालमिया नगर थाना में आवेदन देकर अपनी मां के अपहरण की आशंका जताई थी। लेकिन अब महिला का शव बरामद हुआ है। जिसके गले में रस्सी बंधा हुआ है।
ये भी पढ़ें- बिहार में लापता युवक की तेजाब से नहलाकर हत्या, दो हफ्ते बाद खेत में मिला नरकंकाल

