Bihar Crime: बिहार के सीवान जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने 90 के दौर के बिहार की याद दिला दी है। दरअसल यहां एक युवक की तेजाब से नहलाकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना पचरुखी थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव की है, जहां पुलिस को एक नरकंकाल बरामद हुआ है। घटना करीब दो हफ्ते पुराना बताया जा रहा है।
18 जून से लापता था हामिद अली
बता दें कि पूरा मामला मोहम्मदपुर गांव निवासी तापमान अली के लापता बेटे हामिद अली से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है, जो बीते 18 जून से लापता था। तापमान अली ने इस संबंध में पचरुखी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने हामिद के गुमशुदगी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश में खोजबीन शुरू की, लेकिन काफी दिन बीत जाने के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चल सका।
शव के पास पड़े आधार कार्ड से पहचान
इस बीच कल बुधवार की सुबह गांव के बच्चे जामुन तोड़ने के लिए खेत की ओर गए, जहां उनकी नजर कुत्तों पर पड़ी, जो पड़े शव को नोच रहे थे। बच्चों ने इसकी सूचना गांव वालों की दी। सूचना के बाद मौके पर गांव के लोग पहुंचे तो मौके का नजारा देख उनके होश उड़ गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने जब मौके पर पहुंचकर छानबीन की तो उन्हें वहां से एक नरकंकाल बरामद हुआ। नरकंकाल के पास पड़े आधार कार्ड और कपड़ो से शव की पहचान लापता हामिद अली के रूप में हुई।
तेजाब से नहलाकर हत्या की आशंका
पुलिस के मुताबिक अपराधियों ने हामिद को तेजाब से नहलाकर उसकी हत्या की है। पहचान और सबूत मिटाने के लिए सभी शव को खेत में ही छोड़कर फरार हो गए, ताकी जंगली जानवर उसके शरीर को खा जाए और कुछ पता नहीं चल सके। उधर लापता हामिद के शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर परिजन भी पहुंचे और शव को देख दहाड़ मारकर रोने लगे। मृतक के भाई ने हत्या बताते हुए मामले की जांच कर आरोपियों को पकड़कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।
छानबीन में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस ने नरकंकाल को अपने कब्जे में लेते हुए उसे फोरेंसिक जांच के लिए मुजफ्फरपुर एफएसएल भेजने की तैयारी में है। लैब रिपोर्ट होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा की हामिद की हत्या कब और किन परिस्थितियों में हुई? फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी हुई है कि इस हत्याकांड को किसने और क्यों अंजाम दिया है।
ये भी पढ़ें- औरंगाबाद में भीषण सड़क हादसा: कोचिंग से लौट रही दो छात्राओं को स्कार्पियो ने रौंदा, दोनों की मौत

