Aurangabad Road Accident: बिहार के औरंगाबाद में आज गुरुवार को हुए एक सड़क हादसे में दो छात्राओं की दर्दनाक मौत हो गई। घटना पौथू थाना क्षेत्र की है, जहां एक बेकाबू और तेज रफ्तार स्कार्पियो ने कोचिंग से लौट रही दो छात्राओं को रौंद दिया। इस हादसे में एक छात्रा की जहां, मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरी छात्रा ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

कोचिंग से लौट रही थी दोनों छात्राएं

मृतक छात्राओं की पहचान ओबरा के नरौला गांव निवासी मोहम्मद रियाजुद्दीन की 15 वर्षीय बेटी अफसरी और रुस्तम अली की 15 वर्षीय बेटी आशिया के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह दोनों छात्रा कोचिंग से अपनी पढ़ाई पूरी कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान एक तेज रफ्तार स्कार्पियो सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई। पोल से टकराने के बाद अनियंत्रित स्कार्पियो ने दोनों छात्राओं को कुचल दिया।

आरोपी चालक गाड़ी छोड़कर हुआ फरार

हादसा इतना भयानक था की स्कार्पियो की चपेट में आने से जहां अफसरी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, आशिया गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोग घायल आशिया को इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे। हालांकि बीच रास्ते में ही उसने भी अपना दम तोड़ दिया। वहीं, दूसरी ओर घटना के बाद आरोपी चालक गाड़ी को घटनास्थल पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गया।

नाराज ग्रामीणों ने जाम किया सड़क

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने भतारी मोड़ के पास सड़क को जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। लोग प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए फरार चालक को गिरफ्तार करने और पीड़ित परिजनों को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे।

मृतक छात्राओं के परिजनों में मचा कोहराम

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने की कोशिश की लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। इस बीच पुलिस ने स्कार्पियों को अपने कब्जे में लेते हुए फरार चालक की तलाश में जुट गई। वहीं, दूसरी ओर घटना के बाद से मृतक छात्राओं के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ये भी पढ़ें- भागलपुर में थाने के सामने बिल्डर बजरंगी कुमार की हत्या, दो दिन तक कमरे में पड़ा रहा शव