अतीश दीपंकर, भागलपुर। जिले में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती दी है। दरअसल तिलकामांझी थाना के ठीक सामने स्थित एक बिल्डिंग में बिल्डर बजरंगी कुमार की निर्मम हत्या कर दी गई है। खून से लथ-पथ हालत में बिल्डर बजरंगी का शव उसके कार्यालय के अंदर बरामद किया गया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं? कि जब थाना के सामने ही हत्या हो सकती है, तो आम लोग कितने सुरक्षित हैं?
30 जून से घर नहीं लौटे थे बिल्डर बजरंगी
परिजनों के अनुसार, बजरंगी कुमार बीते मंगलवार (30, जून) की रात से घर नहीं लौटे थें। रोज की तरह उन्हें सुबह बच्चों को स्कूल छोड़ने जाना था, लेकिन जब वे नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब कार्यालय पहुंची तो बाहर से ताला बंद मिला। ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, जहां उनका शव खून से लथ-पथ हालत में पड़ा था।
शरीर पर धारदार हथियार से किए गए थे वार
मौके पर पहुंचे वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने हत्या की पुष्टि करते हुए बताया कि, मृतक बिल्डर बजरंगी कुमार के शरीर पर धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान मिले हैं। घटना स्थल की जांच एफएसएल टीम कर रही है और आस-पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि कुछ संदिग्ध सीसी कैमरे में दिखाई दिए हैं, उनकी पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
हत्या की वजह स्पष्ट नहीं
परिजनों का कहना है कि बजरंगी कुमार लंबे समय से बिल्डर का काम कर रहे थें। वे कभी-कभी फोन पर किसी से तीखी बहस करते भी दिखाई देते थे, लेकिन उनकी हत्या किसने और किस वजह से की, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि, थाना के ठीक सामने हुई इस सनसनीखेज हत्या ने भागलपुर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है? ऐसे में अब देखना होगा कि पुलिस इस हत्याकांड का खुलासा कितनी जल्दी कर पाती है और अपराधियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचा पाती है।
ये भी पढ़ें- ‘जो शॉर्टकट करेगा, वह बेऊर जाएगा’, मंत्री हो या अधिकारी…भ्रष्टाचार पर CM सम्राट की खुली चेतावनी

