अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। संझौली थाना क्षेत्र के घोसिया में एक युवक का संदिग्ध हालत में शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक युवक की पहचान संझौली निवासी हरिलाल नट के रूप में हुई है, जिसका शव पुलिस ने बरामद किया है। मृतक अपने दरवाजे पर ही लिट्टी चोखा का दुकान चलाता था। बताया जाता है कि कल शाम में उसके कुछ मित्र उसे बाइक से लेकर चले गए और फिर वह वापस नहीं लौटा।
दोस्तों संग निकला था युवक, फिर नहीं लौटा
आज (20 अगस्त) बुधवार को लोगों ने उसे घुसिया रेलवे हॉल्ट के पास एक पुराने झोपड़ी में मृत पाया। आशंका व्यक्त की जा रही है कि किसी ने उसे जहरीला पदार्थ मिला या पिला दिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और मौत हो गई। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर का भी कहना है कि उसका शरीर पूरी तरह से काला पड़ गया था।
पिता ने दोस्तों पर जताई हत्या की आशंका
मृतक संझौली निवासी मोतीलाल नट का पुत्र था। युवक के पिता ने दोस्तों पर अपने बेटे की हत्या करने को लेकर आशंका व्यक्त की है। उन्हें शक है कि जो मित्र उनके बेटे को बाइक से ले गए थे। उन्होंने ही नशे के चक्कर में मेरे बेटे को कुछ खिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजन इसे हत्या मान रहे हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ा रही है।
ये भी पढ़ें- 10 लाख की फिरौती के लिए कारोबारी का अपहरण, यूपी में बनाया बंधक, पुलिस ने 8 घंटे में छुड़ाया

