अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। बिहार के रोहतास जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां हथियार के बल पर एक बुजुर्ग शिक्षक का अपहरण करने का मामला प्रकाश में आया है। हालांकि ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने अपहृत शिक्षक गौरी लाल को मुक्त करा लिया। वहीं, एक अपहरणकर्ता को भी मौके से गिरफ्तार किया है, जबकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार होने में कामयाब हो गया।
पिस्टल के बल पर अपहरण की कोशिश
पूरा मामला दिनारा थाना क्षेत्र के नरवर की है। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम 7:30 बजे के करीब शिक्षक गौरी लाल घर के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर पहुंचे दो बदमाशों ने उन्हें पिस्टल के बल पर अपनी बाइक पर बैठा लिया और उन्हें कोचस की ओर लेकर भाग निकले। यह सब उनकी नातिन ने देख लिया। उसने सारी बात अपनी दादी को बताई, जिसके बाद शोर मचाने पर जुटे ग्रामीणों ने आरोपियों का पीछा किया। साथ ही इसकी सूचना पुलिस को भी दी गई।
ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़ा
मिली जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने जगदीशपुर के पास आरोपियों को रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद आरोपी बाइक छोड़कर शिक्षक को पैदल लेकर डीएवी स्कूल के पास पहुंचे और शिक्षक को झाड़ियों में छिपाने का प्रयास करने लगे। इस दौरान उन्होंने शिक्षक को चुप रहने की हिदायत देते हुए विरोध करने पर गोली मारने की भी धमकी दी। हालांकि तभी मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंचे और शिक्षक को आरोपियों के चुंगल से बचा लिया। इस दौरान आरोपियों ने एक आरोपी को भी पकड़ लिया और मौके पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया।
गिरफ्तार अपहरणकर्ता की पहचान बिंदेश्वरी पाल को पकड़ लिया, जो कोचस के परसिया का रहने वाला है। घटना के पीछे क्या कुछ कारण हो सकता है? पुलिस इन तमाम बिंदुओं पर जांच कर रही है। बता दे कि आरोपी की मौके पर ग्रामीणों ने पिटाई भी की।
ये भी पढ़ें- अशोक धाम भगदड़: ‘सिर्फ मुआवजा देने से काम नहीं चलेगा’, पीड़ितो से मिलने पहुंचे PK का बड़ा बयान


