कुंदन कुमार, पटना। खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुए हमले मामले में पटना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रौशन आनंद के अलावा उनके दो सहयोगी अभिषेक और गौरव को भी गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस उनसे दीघा थाने में घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है।

कोचिंग सेंटर को बम से उड़ाने की धमकी

गौरतलब है कि कल मंगलवार (2 जून) की देर रात करीब 11 बजे के आसपास कुछ नकाबपोश बदमाश खान कोचिंग सेंटर पर पहुंचते हैं और तोड़फोड़ के साथ पथराव करने लगते हैं। इस दौरान फायरिंग की भी बात कही जा रही है। इस दौरान एक गार्ड भी गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद खान सर ने बताया कि उनके सामने ही 10 से 12 राउंड गोली चली है। उन्होंने इस फायरिंग की घटना के लिए पड़ोसी कोचिंग सेंटर संचालकों (ज्ञान बिंदु) पर आरोप लगाया है। खान सर ने यह भी बताया है कि दो दिन के अंदर उनके कोचिंग सेंटर को उड़ाने की धमकी दी गई है।

खान सर ने की सुरक्षा की मांग

खान सर ने बताया कि उन्हें और उनकी कोचिंग को सिर्फ इसलिए टारगेट किया जा रहा है कि क्योंकि हम बच्चों को कम फिस में पढ़ा रहे हैं और बच्चे कम फीस में पढ़कर भी भर्ती परिक्षाओं में अन्य कोचिंग सेंटरों के मुकाबले अच्छा रिजल्ट ला रहे हैं। पत्थरबाजी और कथित गोलीबारी की घटना के बाद खान सर ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही इस संबंध में प्रशासन को पत्र भी लिखेंगे। गौरतलब है कि इससे पहले भी एक बार खान सर की कोचिंग सेंटर पर गोलीबारी की घटना हो चुकी है।

अगले आदेश तक कोचिंग बंद

दूसरी ओर खान सर ने घटना की गंभीरता को देखते हुए अगले आदेश तक कोचिंग को बंद रखने का फैसला लिया है। आज बुधवार की सुबह कोचिंग के बाहर छात्रों की भारी भीड़ जुट गई और वे नारेबाजी करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की भारी फोर्स बुलानी पड़ी।

ये भी पढ़ें- बिहार में ‘दानवों का सम्राट राज’, खान सर की कोचिंग पर हुए हमले को लेकर राजद ने सरकार को घेरा