कुंदन कुमार, पटना। खान सर की कोचिंग (खान ग्लोबल स्टडीज) पर हुई फायरिंग व पत्थरबाजी की घटना पर अब सियासत भी तेज हो गई है। घटना को लेकर राजद की प्रतिक्रिया सामने आई है। राजद ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, ‘बिहार में दानवों का सम्राट राज’। राजद ने इस घटना के लिए सम्राट सरकार और विफल कानून व्यवस्था को जिम्मेदार ठहराया है।
रोहिणी ने सम्राट सरकार पर साधा निशाना
वहीं, इस मामले पर लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। रोहिणी ने सम्राट सरकार पर निशाना साधते हुए हमला बोला है। रोहिणी ने लिखा, बिहार में आम नागरिकों की सुरक्षा भगवान भरोसे ही है।
रोहिणी आचार्य ने लिखा कि, बिहार में गालबजाऊ मुख्यमंत्री के शासन में कानून-व्यवस्था महज कोरी बयानबाजी और सरकारी फाईलों में ही सिमट चुकी है। अपराधियों के बीच कानून और पुलिस का रत्ती भर खौफ अब नहीं बचा है। राजधानी के भीड़-भाड़ वाले इलाके मुसल्लहपुर हाट में गोलीबारी की कल की घटना से कानून-व्यवस्था दुरुस्त होने के संदर्भ में किए जा रहे तमाम दावों की पोल पुनः खुल चुकी है।
पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
लालू यादव की बेटी ने कहा कि, वर्त्तमान की इस कड़वी सच्चाई से कोई इंकार नहीं कर सकता कि सम्राट सरकार की पुलिस केवल घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगालने तक ही सीमित रह गई है। रोहिणी ने कहा, बिहार के मुख्यमंत्री, गृहमंत्री और पुलिस महानिरीक्षक से मेरा सीधा सवाल है कि जब खान सर को पहले से धमकियां मिल रही थीं, तो अब तक कोई निवारक कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
भगवान भरोसे लोगों की सुरक्षा
रोहिणी ने लिखा, कल की गोलीबारी की इस घटना से सहज ही अंदाजा लग जाता है कि यदि प्रदेश की राजधानी में खान सर जैसी चर्चित हस्ती सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिक की सुरक्षा भगवान भरोसे ही है। सम्राट सरकार , बिहार की पुलिस और प्रदेश का प्रशासनिक अमला अपराध पर नियंत्रण कर पाने में पूरी तरह से विफल है।
कोचिंग सेंटर को बम से उड़ाने की धमकी
गौरतलब है कि कल मंगलवार (2 जून) की देर रात करीब 11 बजे के आसपास कुछ नकाबपोश बदमाश खान कोचिंग सेंटर पर पहुंचते हैं और तोड़फोड़ के साथ पथराव करने लगते हैं। इस दौरान फायरिंग की भी बात कही जा रही है। इस दौरान एक गार्ड भी गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद खान सर ने बताया कि उनके सामने ही 10 से 12 राउंड गोली चली है। उन्होंने इस फायरिंग की घटना के लिए पड़ोसी कोचिंग सेंटर संचालकों पर आरोप लगाया है। खान सर ने यह भी बताया है कि दो दिन के अंदर उनके कोचिंग सेंटर को उड़ाने की धमकी दी गई है।
अगले आदेश तक कोचिंग बंद
घटना की सूचना मिलने के बाद तुरंत मौके पर पटना पुलिस पहुंची। इस दौरान पुलिस के बड़े आला अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जायजा लिया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल जांच की जा रही है। सीसीटीवी के जरिए आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी ओर खान सर ने घटना की गंभीरता को देखते हुए अगले आदेश तक कोचिंग को बंद रखने का फैसला लिया है। आज बुधवार की सुबह कोचिंग के बाहर छात्रों की भारी भीड़ जुट गई और वे नारेबाजी करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की भारी फोर्स बुलानी पड़ी।
ये भी पढ़ें- पटना में कोचिंग संस्थानों के बीच वर्चस्व की लड़ाई, पुलिस ने गोली चलने की बात से किया इनकार, इलाके में भारी भीड़

