Bihar News: रौशन आनंद और खान सर के बीच जारी विवाद थमता नहीं दिख रहा है। रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में हुई संदिग्ध मौत के बाद अब इस घटनाक्रम ने एक अलग ही मोड़ ले लिया है। रौशन आनंद अपने भाई की मौत को हत्या बता रहे हैं और इसके लिए वह खान सर और कोल्ड स्टोरेज के मालिक आर.एस. प्रसाद को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।
मेरा एनकाउंटर कर दे पुलिस- रौशन आनंद
इस बीच कल बुधवार की देर शाम रौशन आनंद पटना के कदमकुआं थाना पहुंचे, जहां उन्होंने खान सर के खिलाफ अपनी भाई की हत्या के लिए एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। हालांकि कदमकुआं थाना पुलिस ने खान सर के खिलाफ उनकी एफआईआर दर्ज करने से इंकार कर दिया, जिसके बाद वे वहीं धरने पर बैठ गए।
उन्होंने यह भी कहा कि या तो प्रशासन मेरा एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करें या तो फिर मेरा एनकाउंटर कर दे। मेरा सबकुछ तबाह हो गया है। मेरे भाई की हत्या कर दी गई है। अब ज्ञान बिंदु को तबाह करने की तैयारी है।
आज दर्ज हो सकती है एफआईआर
रौशन आनंद ने एफआईआर दर्ज नहीं होने पर अपनी नाराजगी जताई और कहा कि, पिछले दिनों हम पर झूठी FIR हुई और पटना पुलिस ने FIR होने के 4 घंटे के भीतर हमें गिरफ्तार करके जेल भेज दिया, लेकिन जो वास्तविक घटना हुई है, उसको लेकर हम यहां आए हैं और हम यहां काफी समय से बैठे हुए हैं लेकिन हमारी शिकायत अभी तक दर्ज नहीं हुई है।
रौशन आनंद ने कहा कि, हमें IG द्वारा आश्वासन दिया गया है कि कल 12 बजे तक हमारी शिकायत दर्ज हो जाएगी। यदि ऐसा नहीं होता है तो हम आगे न्यायपालिका का रुख अपनाएंगे। हमें बिहार की डबल इंजन सरकार और न्यायपालिका पर भरोसा है कि हमें न्याय मिलेगा।
प्रिंस यादव की मौत के बाद आया नया मोड़
गौरतलब है कि 2 जून को हुए पटना कोचिंग विवाद के बाद पटना पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मामले में उनके भाई प्रिंस यादव के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराई गई थी, जो गिरफ्तारी से बचने के फिराक में नेपाल के एक होटल में छिपे हुए थे। इस बीच 13-14 जून के बीच उनके संदिग्ध मौत की खबर सामने आई है, जिसने इस कोचिंग विवाद को एक नया ही मोड़ दे दिया।
खान सर पर लग रहा हत्या का आरोप
मामले में 15 जून सोमवार को कोर्ट से रौशन आनंद को जमानत मिली, जिसके बाद वे जेल से बाहर और अपने भाई की मौत को साजिश और हत्या बताया। इसके लिए उन्होंने सीधे तौर पर खान सर और कोल्ड स्टोरेज के मालिक आर.एस प्रसाद को जिम्मेदार ठहराया। 15 जून की देर शाम उन्होंने अपने पैतृक गांव धमसेना (सहरसा) में अपने भाई का अंतिम संस्कार किया। वहीं, कल इस मामले में वह खान सर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने पहुंचे थे।
जेल से निकलने के बाद अभी तक नहीं बदली टी-शर्ट
बता दें कि रौशन आनंद उसी टी-शर्ट में नजर आए, जो वह जेल से बाहर निकलते हुए पहने थे। उसी टी-शर्ट को पहन कर उन्होंने अपने भाई प्रिंस यादव का अंतिम संस्कार किया और अब वही टी-शर्ट को पहनकर वह पटना पहुंचे हुए हैं। उन्होंने कहा कि, आप मेरी मानसिक स्थिति और मनोदशा को समझ सकते हैं। मैंने अभी भी वही टी-शर्ट पहना है, जिसें पहनकर मैं जेल से बाहर निकला था। इसी टीशर्ट में अपने भाई का दाह संस्कार भी किया।
रौशन आनंद ने यह भी कहा कि, सत्य परेशान हो सकता है लेकिन पराजित नहीं हो सकता, क्योंकि आखिर में जीत सत्य की ही होती है। उन्होंने आगे कहा कि, हम उसी प्रकार से धर्म और सत्य के साथ लड़ाई लड़ रहे हैं।
ये भी पढ़ें- Bihar Today Weather: बिहार के कई जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट, इन इलाकों में झुलसाएगी भीषण गर्मी

