कुंदन कुमार, पटना। पटना कोचिंग विवाद प्रकरण में जेल में बंद ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद को आज कोर्ट से जमानत मिल गई। जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आते ही उन्होंने अपने भाई प्रिंस यादव की मौत को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, हमारे हमारे भाई की हत्या फैसल खान (खान सर) और किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक आर एस प्रसाद ने करवाया है।
रौशन आनंद ने कहा कि, जब हम जेल में नहीं थे। मेरे भाई को कुछ नहीं हुआ था। हम जेल गए उसके बाद साजिश रचकर इन लोगों ने हमारे भाई की हत्या करवाई है। फैसल खान के बारे में और सब बात बताएंगे। वो क्या है? सब पता है।
नेपाल के होटल में हुई थी प्रिंस की मौत
गौरतलब है कि ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की कल नेपाल के एक होटल में संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। वहीं, आज सोमवार (15, जून) की सुबह कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान रौशन आनंद बेल मिल गई। जेल से बाहर निकलने के बाद अब वे जल्द ही अपने पैतृक गांव धमसैना (सहरसा) के लिए रवाना हो सकते हैं, जहां पर उनके भाई प्रिंस यादव का शव रखा हुआ है।
पैतृक गांव में पसरा है मातम
बता दें कि कल देर शाम कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम के बाद देर शाम प्रिंस यादव का शव उनके पैतृक गांव सहरसा जिले के धमसैना गांव पहुंचा। प्रिंस यादव का शव गांव पहुंचते ही परिजनों और पूरे गांव में कोहराम मच गया। घर में पड़े जवान बेटे का शव देख माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों रोते-रोते बेहोश हो जा रहे हैं। वहीं, पूरे गांव में भी मातम का माहौल बना हुआ है। रात भर से लोग रौशन सर के आवास पर परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
रौशन आनंद के वकील ने क्या कहा?
रौशन आनंद को जमानत मिलने के बाद उनके वकील रमाकांत शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, रौशन आनंद को बेल मिल गई है। उन्होंने कहा कि, अगर इस एफआईआर को स्वीकार भी किया जाए, जो रौशन आनंद के खिलाफ है, तब भी रौशन आनंद आरोपी नहीं है। उस घटना में वह शामिल नहीं हैं। उन्हें इस मामले का साजिशकर्ता नहीं माना जा सकता।
अधिवक्ता रमाकांत शर्मा ने आगे कहा कि, मामले पुलिस ने घटना के दो दिन बाद 4 जून को एक और एफआईआर दर्ज की, जिसमें खान सर के गॉर्ड ने यह स्वीकार किया कि उन्होंने फायरिंग की। लेकिन शुरुआती तौर पर यह बात छिपाई गई। कोर्ट में इन सभी बातों पर बहस हुई। खैर रौशन आनंद को बेल मिल गई है।
ये भी पढ़ें- ‘कोई तीसरा इंसान जरूर…’, रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की मौत पर खान सर का बयान आया सामने

