RPSC SI Recruitment 2021 Cancelled: राजस्थान के बेरोजगार युवाओं के लिए अजमेर से एक बहुत बड़ी खबर है। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने आखिरकार विवादों में फंसी साल 2021 की सब-इंस्पेक्टर (SI) और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा को पूरी तरह रद्द कर दिया है।

12 मई 2026 को जारी एक सरकारी चिट्ठी ने हजारों ट्रेनी थानेदारों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। पेपर लीक और धांधली के दाग लगने के बाद अब आयोग ने साफ कर दिया है कि खेल नए सिरे से होगा। अब 20 सितंबर 2026 (रविवार) को दोबारा परीक्षा कराई जाएगी।
सबको नहीं मिलेगा मौका, जान लीजिए ये शर्त
इस फैसले में सबसे बड़ा पेंच उन लोगों के लिए है जो पिछली बार पेपर देने नहीं गए थे। आयोग ने साफ कहा है कि इस बार सिर्फ वही 3,83,097 अभ्यर्थी बैठ पाएंगे, जो सितंबर 2021 की लिखित परीक्षा के दोनों पेपरों में मौजूद थे। अगर आपने उस वक्त आलस किया था या किसी वजह से एग्जाम छोड़ा था, तो आपके लिए दरवाजे हमेशा के लिए बंद हो चुके हैं। केवल ‘प्रेजेंट’ रहने वाले छात्रों को ही दोबारा रोल नंबर जारी होंगे।
30 मई तक का टाइम, बायोमेट्रिक है जरूरी
RPSC ने छात्रों को अपने फॉर्म सुधारने के लिए 16 मई से 30 मई तक की मोहलत दी है। अगर आपका मोबाइल नंबर बदल गया है या पता गलत है, तो इसे ठीक कर लें। लेकिन ध्यान रहे, उम्र और पढ़ाई वही मानी जाएगी जो 2021 के विज्ञापन में थी।
एक और कड़ी चेतावनी दी गई है। अगर आपको अपने फॉर्म में कुछ भी नहीं बदलना, तब भी आपको पोर्टल पर जाकर ‘नो चेंज’ की जानकारी देनी होगी। साथ ही अपनी बायोमेट्रिक सहमति भी देनी पड़ेगी। अगर आपने ऐसा नहीं किया, तो आयोग आपका फॉर्म कचरे के डिब्बे में डाल देगा और आप परीक्षा से बाहर हो जाएंगे।
सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद झुका आयोग
यह भर्ती प्रक्रिया शुरू से ही विवादों का घर रही है। एसओजी (SOG) की जांच में पता चला था कि कई मुन्नाभाई डमी कैंडिडेट बनकर परीक्षा पास कर गए। कई ट्रेनी सब-इंस्पेक्टर तो ट्रेनिंग सेंटर से सीधे जेल भेजे गए। 4 मई को जब सुप्रीम कोर्ट ने इस भर्ती को रद्द करने के फैसले पर मुहर लगाई, तब जाकर आयोग ने यह बड़ा कदम उठाया है। अब सरकार की कोशिश है कि इस बार बिना किसी नकल के पारदर्शी तरीके से परीक्षा पूरी हो।
कैसे करें आगे की तैयारी?
परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को अपनी एसएसओ (SSO) आईडी पर जाकर केवाईसी (KYC) की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। बिना इसके एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं होगा। अजमेर मुख्यालय से जुड़े सूत्रों का कहना है कि इस बार सुरक्षा के इंतजाम पहले से कई गुना ज्यादा सख्त होंगे। परीक्षा सेंटरों पर जैमर और कड़ी चेकिंग की तैयारी अभी से शुरू कर दी गई है।
पढ़ें ये खबरें
- गौरव भाटिया के खिलाफ पोस्ट हटाने का आदेश, CJP नेता सौरव दास को हाई कोर्ट की नसीहत, कहा- ‘यह गलत है’
- हाउसिंग बोर्ड की मनमानी, कस्तूरबा आवासीय परिसर की बजाए सड़क पार दूसरे भवन में बनाए कमरे! स्कूल प्रबंध समिति ने छात्राओं की सुरक्षा पर उठाए सवाल
- बचाव में उतरे ससुर! अशोक सिद्धार्थ ने मायावती को लिखा पत्र, कहा- मेरे सन्यास को आकाश की वापसी से न जोड़ें, मेरे दामाद से पहले वो आपके भतीजे
- कॉलोनी में घर के अंदर चल रहा था अवैध क्लीनिकः सरकारी दवाएं, अबॉर्शन किट और खून की थैलियां जब्त
- पंजाब चुनाव से पहले BJP का बड़ा प्लान, 18 सितंबर से राज्यव्यापी महायात्रा; अमित शाह-पीएम मोदी के आने की चर्चा


