RPSC SI Recruitment 2021 Cancelled: राजस्थान के लाखों युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने आखिरकार विवादों में घिरी उप निरीक्षक (SI) और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2021 को पूरी तरह से रद्द कर दिया है। सरकार की मंजूरी मिलते ही आयोग ने इसे फिर से कराने का फैसला लिया है।
आरपीएससी के अध्यक्ष उत्कल रंजन साहू ने साफ कर दिया है कि यह मौका हर किसी को नहीं मिलेगा। परीक्षा में केवल वही 3 लाख 83 हजार 97 अभ्यर्थी बैठ पाएंगे, जिन्होंने पिछली बार लिखित परीक्षा के दोनों पेपर दिए थे। नए आवेदन नहीं लिए जाएंगे।

16 मई से शुरू होगा सुधार का काम
16 मई से अभ्यर्थी अपने पुराने फॉर्म में जरूरी बदलाव कर पाएंगे। 30 मई 2026 तक चलने वाली इस प्रक्रिया में मोबाइल नंबर, ईमेल और पता अपडेट कर सकते हैं। सबसे पहले आपको वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) की केवाईसी (KYC) पूरी करनी होगी। इसके बिना आप आगे नहीं बढ़ पाएंगे। अगर आपकी एसएसओ आईडी (SSO ID) बदल गई है, तो भी चिंता की बात नहीं है। फेच एप्लीकेशन वाले विकल्प से आप पुराना डेटा नई प्रोफाइल में ला सकते हैं।
अगर आपके पुराने फॉर्म में सब कुछ सही है और आप कोई बदलाव नहीं करना चाहते, तब भी आपको एक बार पोर्टल पर जाना ही होगा। वहां जाकर आपको संशोधन की आवश्यकता नहीं वाली घोषणा पर टिक करना होगा। साथ ही अपनी बायोमेट्रिक सहमति भी देनी होगी।
इसके बाद आपके मोबाइल पर एक ओटीपी आएगा। उसे सबमिट करने के बाद ही आपका आवेदन मान्य होगा। अगर आपने ऐसा नहीं किया, तो आपका फॉर्म स्वीकार नहीं किया जाएगा और अभ्यर्थी का एडमिट कार्ड ही नहीं आएगा।
खबर है कि दोबारा होने वाली यह भर्ती परीक्षा सितंबर 2026 में आयोजित की जा सकती है। बता दें कि साल 2021 में 859 पदों के लिए यह पूरी कवायद शुरू हुई थी। धांधली के आरोपों के बाद मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा और अब परीक्षा रद्द करने का फैसला बरकरार रखा गया है।
पढ़ें ये खबरें
- PM आवास कूच से पहले केजरीवाल का आह्वान, बोले- चाहिए 100 ऐसे लोग जो पुलिस की लाठियों से न डरें
- रोने की आवाज सुनकर लोगों ने खोला कट्टा, अंदर जो मिला उसे देखकर हर कोई रह गया हैरान
- बीज कारोबारी के घर में डकैतों का तांडव, परिवार को बंधक बना कर 45 लाख नकद और करोड़ों के जेवरात लूटे
- छात्रों पर पुलिस कार्रवाई पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, CJI बोले- ‘न पुलिस की ज्यादती चलेगी, न उपद्रवियों को राहत मिलेगी’
- दतिया उपचुनाव में कांग्रेस को बढ़त, बीजेपी दफ्तर में बढ़ी हलचल, बसई की EVM पर टिकी सबकी नजरें

