दिल्ली सरकार ने महिलाओं के लिए DTC और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा एक बार फिर बढ़ा दी है। अब महिला यात्री 31 अगस्त तक पिंक टिकट (Pink Ticket) के जरिए बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगी। पहले इस सुविधा की समयसीमा 31 जुलाई तक निर्धारित की गई थी। इसके बाद सरकार ने इसे आगे बढ़ाया था। अब एक बार फिर पिंक टिकट सुविधा की अवधि बढ़ाए जाने से राजधानी की महिला यात्रियों को राहत मिलेगी। पिंक टिकट योजना के तहत दिल्ली की महिलाएं DTC और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा कर सकती हैं। बस में सफर के दौरान महिला यात्रियों को पिंक टिकट जारी किया जाता है, जिसके लिए उन्हें किराया नहीं देना होता।

पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड की अनिवार्यता टली

DTC की ओर से शुक्रवार शाम जारी एक नए आधिकारिक आदेश में महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की व्यवस्था को लेकर अहम जानकारी दी गई है। दिल्ली परिवहन विभाग के पूर्व निर्देश के मुताबिक, 16 अगस्त से ‘पिंक सहेली’ स्मार्ट कार्ड अनिवार्य किया जाना था। हालांकि, अब इस व्यवस्था को आगे बढ़ा दिया गया है। डीटीसी ने अपने नए आदेश में कहा कि स्मार्ट कार्ड आधारित प्रणाली में सुचारु रूप से बदलाव सुनिश्चित करने के लिए मौजूदा व्यवस्था को जारी रखने का फैसला किया गया है। इसके तहत महिलाओं को फिलहाल पिंक टिकट के जरिए मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलती रहेगी। डीटीसी के आदेश के मुताबिक, नई व्यवस्था से जुड़े निर्देशों का सभी डीटीसी बसों में तत्काल प्रभाव से पालन किया जाएगा। यानी 16 अगस्त से पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड को अनिवार्य करने के बजाय मौजूदा पिंक टिकट व्यवस्था को जारी रखा गया है।

दिल्ली की महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा को लेकर डीटीसी ने नई तारीख तय कर दी है। 31 अगस्त तक डीटीसी और क्लस्टर बसों में पिंक टिकट मान्य रहेगा। इसके तहत महिला यात्रियों को मुफ्त सफर के लिए पिंक टिकट जारी किया जाएगा। डीटीसी की ओर से जारी नए आदेश के मुताबिक, 1 सितंबर से ‘पिंक सहेली’ स्मार्ट कार्ड अनिवार्य कर दिया जाएगा। यानी 1 सितंबर के बाद महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा का लाभ लेने के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड का इस्तेमाल करना होगा। दरअसल, डीटीसी के पिछले आदेश के अनुसार पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड को 16 अगस्त से अनिवार्य किया जाना था। लेकिन स्मार्ट कार्ड आधारित व्यवस्था में सुचारु बदलाव सुनिश्चित करने के लिए मौजूदा पिंक टिकट व्यवस्था की अवधि बढ़ा दी गई है।

1 सितंबर से पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड अनिवार्य

DTC और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा का लाभ लेने वाली पात्र महिला यात्रियों के लिए 1 सितंबर 2026 से ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ अनिवार्य होगा। जिन महिला यात्रियों के पास यह कार्ड नहीं होगा, उन्हें बस में सफर के लिए नियमित टिकट लेना होगा और निर्धारित किराया चुकाना पड़ेगा। डीटीसी ने महिला यात्रियों से अपील की है कि वे 31 अगस्त 2026 से पहले निर्धारित ‘पिंक सहेली कार्ड डिस्ट्रिब्यूशन सेंटर’ से अपना स्मार्ट कार्ड बनवा लें। इससे 1 सितंबर से मुफ्त बस यात्रा की सुविधा का लाभ लेने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। आदेश में सभी डिपो मैनेजर, रीजनल मैनेजर, कंडक्टर और एनफोर्समेंट स्टाफ को निर्देश दिया गया है कि वे नई तारीख के बारे में अधिक से अधिक यात्रियों को जानकारी दें। बसों में महिला यात्रियों को समय रहते पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाने की सलाह भी दी जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m