दुर्ग। दुर्ग जनपद पंचायत की सामान्य सभा में सत्ता पक्ष ने 16वें वित्त की राशि अपने सदस्यों के बीच उनके क्षेत्र के विकास के लिए आवंटित करने का निर्णय लिया है। विपक्षी सदस्यों ने क्षेत्र की जनसंख्या के आधार पर प्रत्येक सदस्य के क्षेत्र में देने की मांग रखी। मांग नहीं माने जाने पर 16वें वित्त की राशि से वंचित विपक्षी सदस्यों ने नाराजगी जताते जमकर नारेबाजी करते हुए जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार, बैठक में विभागीय समीक्षा उपरांत 16वें वित्त पर चर्चा शुरू हुई इसमें जनपद अध्यक्ष कुलेश्वरी देवांगन ने बहुमत के आधार पर इसकी राशि आवंटन की बात रखी। उपाध्यक्ष राकेश हिरवानी ने इस पर आपत्ति करते हुए जनसंख्या के आधार पर प्रत्येक सदस्य को आवंटित करने की मांग की। मगर अध्यक्ष बहुमत के आधार पर आवंटन को लेकर अड़े रहे, तब हिरवानी ने कहा कि पांच दिन पहले आपसी विवाद खतम कर समन्वय बनाकर सभी सदस्यों के क्षेत्र के लिए बराबर आवंटन करने की अध्यक्ष ने स्वयं खबर भिजवाई थी, अब अचानक टालमटोल क्यों किया जा रहा है।

हिरवानी ने आरोप लगाया कि दुर्ग ग्रामीण विधायक के मना करने पर आप यह कर रही हो, यदि विधायक जनपद में इस तरह हस्ताक्षेप करेंगे तो उनके सदन में बैठने का वे विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि बहुमत के आधार पर आवंटन करना है, तो मतदान कराओ क्योंकि बहुत सारे सत्ता पक्ष के सदस्य भी मतदान चाहते हैं। इस पर अध्यक्ष ने मतदान न कर खुले रूप में बहुमत साबित करने की बात कही और गुप्त मतदान न करा कर हाथ उठवा कर बहुमत से प्रस्ताव पारित कर बैठक स्थगित करने की घोषणा कर दी।
विधायक व अध्यक्ष के खिलाफ जमकर की नारेबाजी
गुप्त मतदान से बहुमत पारित नहीं कराए जाने पर नाराज विपक्षी सदस्यों राकेश हिरवानी, झमित गायकवाड़, संतोषी देशमुख, ढालेश साहू, राजेन्द्र ठाकुर, कामिनी साहू, किशोरी देशमुख, लीलावती देशमुख, प्यारी निषाद, मिलंतीन ठाकुर ने रोष जताया आक्रोशित विपक्षी सदस्यों ने विधायक ललित चंद्राकर एवं अध्यक्ष कुलेश्वरी देवांगन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, और मनमानी किए जाने का आरोप लगाया।
सदस्यों की सहमति अनुसार लिया निर्णय- अध्यक्ष
जनपद अध्यक्ष कुलेश्वरी देवांगन का कहना है कि सदस्यों की सहमति अनुसार बहुमत के आधार पर 16वें वित्त की राशि आवंटन का निर्णय लिया है जब हाथ उठाकर बहुमत साबित हो गया तो इसके लिए मतदान की क्या जरूरत है। उन्होंने कहा इसमें दुर्ग ग्रामीण विधायक का कोई दबाव नहीं है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


