बागपत. हिंदूवादी नेता साध्वी प्राची ने धार्मिक स्थलों को लेकर चल रही बहस के बीच बागपत में विवादित बयान दिया है. प्रसिद्ध परशुरामेश्वर महादेव मंदिर पहुंचीं साध्वी प्राची ने कहा कि जमीन पर कब्जा कर बनाए गए सभी अवैध मस्जिद, मदरसे और मजारों पर बुलडोजर चलना चाहिए. उन्होंने कहा कि देशभर में खुदाई होगी तो कहीं शिव निकलेंगे और कहीं शव मिलेंगे.

इसे भी पढ़ें- फतेहपुर सिलेंडर ब्लास्ट : एक और मौत, 90 फीसदी झुलसे आलोक गुप्ता ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

अवैध निर्माणों की जांच की मांग

साध्वी प्राची ने उज्जैन से जुड़े मामले का जिक्र करते हुए कहा कि जिन धार्मिक स्थलों को लेकर अवैध कब्जे के आरोप हैं, उनकी जांच होनी चाहिए. उन्होंने जमीन पर कब्जे के आरोप में बने निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

सपा प्रवक्ता के बयान पर पलटवार

सपा प्रवक्ता आमीन जमेई के कथित बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए साध्वी प्राची ने कहा कि इससे उनकी सोच सामने आती है. उन्होंने दावा किया कि यदि समाजवादी पार्टी की सरकार आती है तो मठ-मंदिरों के कागज तलाशने और उन पर बुलडोजर चलाने की बात कही जा रही है.

मुगलकाल का जिक्र कर उठाए सवाल

साध्वी प्राची ने मुगलकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में मंदिर तोड़कर मस्जिद और मजार बनाए जाने के आरोपों पर भी सवाल उठाए जाने चाहिए. उन्होंने कहा कि कुछ लोग मठ और मंदिरों से ईर्ष्या करते हैं. साथ ही कब्र के लिए जमीन घेरे जाने को लेकर भी टिप्पणी की.

इसे भी पढ़ें- अवधेश-इमरान ने SIR पर EC को घेरा, ज्ञानेश कुमार को लेकर दिया बड़ा बयान

‘सनातनी एक हो जाओ, बंटोगे तो कटोगे’

साध्वी प्राची ने सनातन समाज से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा, “बंटोगे तो कटोगे, एक रहोगे तो सेफ रहोगे.” उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा की सरकार प्रचंड बहुमत से बनेगी. मंदिर में उन्होंने देश में शांति और अशांति फैलाने वालों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना करने की बात भी कही.