उमेश यादव, सागर। सागर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में इन दिनों सोशल मीडिया पर हथियार के साथ वीडियो डालने वाले अपराधियों के अकाउंट खगाले जा रहे है। इसी कड़ी में पुलिस ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर हथियार सहित वीडियो अपलोड करने वाले दो युवकों के घर हथियार तलाश करने पहुंची। टीम को एक घर से हथियार तो नहीं मिला लेकिन अलमारी में बंद करीब 3 करोड़ का कैश रखा मिला। फिलहाल पुलिस ने नोटों से भरे बैग को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
सागर पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने बताया कि इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर जितने भी आपराधिक तत्व हैं, जो भी पिस्टल या हथियार लेकर फोटो या वीडियो अपलोड करते हैं, सभी की स्क्रीनिंग की जा रही है। इस कड़ी में आज दो प्रोफाइल मिली थी, जिनमें पिस्तौल का फोटो था। एक मोती नगर थाना क्षेत्र और एक गोपालगंज में कार्रवाई हुई है। गोपालगंज थाना में तस्दीक के दौरान एक घर पर सर्चिंग की। जहां पिस्टल के बारे में पूछने पर एक अलमारी बंद मिली, जिसकी चाबी परिजनों के पास नहीं थी।
ये भी पढ़ें: छात्रावास की बदहाली से तंग आकर रात में खिड़की से कूदीं 40 छात्राएंः पैदल ही थाने पहुंचकर बयां किया दर्द
इसके बाद परिजनों के समक्ष पंचनामा कार्रवाई करते अलमारी का लॉक खोला गया तो बैग में कुछ पैसे होने की संभावना मिली। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। गवाहों और वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ जप्ती की कार्रवाई की गई। पुलिस ने 3 करोड़ के करीब नगद कैश बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सौरभ अहिरवार के घर पर कार्रवाई की गई थी, सौरभ अहिरवार एक टैक्सी ड्राइवर है। इसका एक भाई भी है, जो तीन पहिया वाहन चालक है। इन दोनों भाइयों का कहना है कि पैसा जो रखा हुआ है, वह इनके एक रिश्तेदार हैं। जिन्होंने इनका नाम रमेश अहिरवार बताया है। फिलहाल जांच पड़ताल जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



