उमेश यादव, सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां रहली थाना क्षेत्र के अंतर्गत देहार नदी के शक्ति घाट पर बन रहे एक निर्माणाधीन पुल का स्लैब शनिवार रात अचानक भरभराकर गिर गया। इस भीषण हादसे में एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हुआ है। घटना के वक्त पुल के पिलर पर पांच मजदूर फंस गए थे, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित नीचे उतारा गया।
ये भी पढ़ें : पार्टनरशिप का सपना दिखाकर लगाया चूना: मां-बेटे से हड़पे 24.35 लाख रूपए, पैसे मांगने पर मिली जान से मारने की धमकी
क्रेन की मदद से स्लैब चढ़ाते समय पलटी क्रेन
ग्राम बड़गांव के पास अचलपुर रोड स्थित देहार नदी के शक्ति घाट पर पुल निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। शनिवार रात निर्माण एजेंसी द्वारा क्रेन की मदद से पुल पर भारी-भरकम स्लैब चढ़ाने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक स्लैब असंतुलित होकर नीचे गिर गया और उसका वजन न संभाल पाने के कारण क्रेन भी पलट गई। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
एक की मौत, सुरक्षा पर उठे सवाल
इस हादसे में दमोह जिले के सीतानगर निवासी नारायण गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके हाथ में फ्रैक्चर और चोटें आई हैं। उसे तत्काल रहली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे अपने साथ घर ले गए। वहीं मलबे की चपेट में आने से एक अन्य मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर उठ रहा है। स्थानीय लोगों और विशेषज्ञों का कहना है कि आखिर रात के अंधेरे में बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों और लाइट व्यवस्था के इतना जोखिम भरा काम क्यों कराया जा रहा था?
पिलर पर फंसे 5 मजदूरों का हुआ सुरक्षित रेस्क्यू
घटना के वक्त पुल के ऊपर पिलर पर पांच अन्य मजदूर भी काम कर रहे थे, जो स्लैब गिरने और क्रेन पलटने के बाद वहीं फंस गए। सूचना मिलते ही रहली थाना पुलिस टीम बल सहित मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए पिलर पर फंसे सभी पांचों मजदूरों को सुरक्षित नीचे उतारा।
ये भी पढ़ें : BJP में आंतरिक कलह! नीरज जाट के बयान पर आदिवासी नेताओं का विरोध, राज्यमंत्री सीताराम बोले- ‘समाज से माफी मांगे जिला पंचायत उपाध्यक्ष’
जांच में जुटी रहली पुलिस
ड्यूटी डॉक्टर वसंत नेमा ने बताया कि अस्पताल में केवल नारायण नामक एक ही घायल को इलाज के लिए लाया गया था, जिसे प्राथमिक उपचार दे दिया गया है। फिलहाल रहली पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के असली कारणों व लापरवाही की कड़ियों को तलाशा जा रहा है।

