उमेश यादव, सागर। मध्य प्रदेश के सागर शहर से एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहां कैंट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बिट्ठल नगर कजलीवन मैदान इलाके में एक महिला पर सरेराह तेजाब (Acid) से हमला कर दिया गया। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और सनसनी फैल गई है। गंभीर रूप से झुलसी महिला को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) रेफर कर दिया है।
ये भी पढ़ें: प्रेम विवाह की खौफनाक सजा: नाराज परिवार ने 19 साल की बेटी को माना ‘मुर्दा’, भाई ने खुद किया श्राद्ध
दवाई लेकर लौटते वक्त हुआ हमला
जानकारी के मुताबिक पीड़ित महिला अपनी छोटी बच्ची की दवाई लेने के लिए घर से पास के ही एक मेडिकल स्टोर पर गई थी। वह दवाई खरीदकर वापस अपने घर लौट रही थी तभी रास्ते में दो अज्ञात नकाबपोश युवकों ने उसे घेर लिया। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, बदमाशों ने उस पर तेजाब फेंक दिया। एसिड अटैक के कारण महिला की पीठ बुरी तरह झुलस गई और वह दर्द से चीखने लगी। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
ये भी पढ़ें: “प्यार में लड़के ही जान देते हैं…” लिव-इन पार्टनर की जुदाई बर्दाश्त नहीं कर पाया युवक, वीडियो बनाकर लगा ली फांसी
CCTV खंगाल रही पुलिस
इस जघन्य वारदात की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने महिला को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। फिलहाल हमले का कारण पूरी तरह से अज्ञात है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना स्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

