चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र से एक बेहद दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां नंदा नगर में रहने वाले एक युवक ने प्रेम संबंधों में आई कड़वाहट और मानसिक तनाव के चलते फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। हैरान करने वाली बात यह है कि मौत को गले लगाने से ठीक पहले युवक ने एक भावुक वीडियो बनाकर अपने भाई को भेजा, जिसमें उसने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि “प्यार में लड़के ही जान देते हैं…”

ये भी पढ़ें: स्वास्थ्य व्यवस्था या मौत का जाल? सीधी जिला अस्पताल में 1 साल में 53 प्रसूताओं की मौत, मानवाधिकार आयोग ने प्रमुख सचिव को थमाया नोटिस

2 साल से लिव-इन में था कपल, प्रेमिका के परिजन ले गए साथ

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान लविश लश्करी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उज्जैन का रहने वाला था। लविश इंदौर में खंडवा की रहने वाली एक युवती के साथ पिछले दो वर्षों से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले युवती के परिजन इंदौर आए और उसे अपने साथ खंडवा ले गए। घर जाने के बाद से ही युवती का मोबाइल लगातार बंद आ रहा था, जिससे दोनों के बीच बातचीत पूरी तरह बंद हो गई थी।

जुदाई का सदमा और मानसिक तनाव बना काल

परदेशीपुरा थाना प्रभारी आर. डी. कानवा ने बताया कि प्रेमिका से संपर्क टूट जाने की वजह से लविश डिप्रेशन में चला गया था। वह लगातार मानसिक तनाव से गुजर रहा था। इसी अकेलेपन और लाचारी के चलते आखिरकार उसने मौत का रास्ता चुन लिया।

ये भी पढ़ें: आरक्षक सुनील सरयाम सुसाइड केस में बड़ा खुलासा: दो नर्स और उनका भाई गिरफ्तार, निजी तस्वीरों के दम पर कर रहे थे ब्लैकमेल

सुसाइड वीडियो में 5 लोगों पर आरोप

लविश ने फांसी लगाने से पहले जो वीडियो अपने भाई को भेजा, उसमें उसने अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। वीडियो में उसने अपनी प्रेमिका और उसके परिवार सहित कुल पांच लोगों के नाम लिए हैं और उन्हें अपनी मौत का सीधा जिम्मेदार ठहराया है। युवक का आरोप है कि उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है और सुसाइड वीडियो के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m